सिरमौर एथलेटिक्स एसोसिएशन के चुनाव 15 नवंबर को, नाहन में जुटेंगी खेल जगत की हस्तियां
वार्षिक आम बैठक में संगठन की गतिविधियों और भविष्य की कार्ययोजना पर होगा मंथन, अध्यक्ष शिवराज शर्मा ने सभी सदस्यों से की सहभागिता की अपील
नाहन
हिमाचल दस्तक जिला ब्यूरो
नाहन। सिरमौर में एथलेटिक्स खेल को नई दिशा देने और संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से सिरमौर एथलेटिक्स एसोसिएशन की वार्षिक आम बैठक 15 नवंबर को आयोजित की जाएगी। बैठक में एसोसिएशन के चुनाव करवाने के साथ संगठन की आगामी गतिविधियों और भविष्य की कार्ययोजना पर भी चर्चा होगी।
एसोसिएशन के अध्यक्ष शिवराज शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक रविवार सुबह 11 बजे नाहन स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में आयोजित की जाएगी। इसमें एसोसिएशन की गतिविधियों की समीक्षा करने के साथ संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बैठक में एसोसिएशन के चुनाव भी संपन्न करवाए जाएंगे। शिवराज शर्मा ने कहा कि किसी भी खेल संगठन की मजबूती उसके सदस्यों की सक्रिय भागीदारी, आपसी सहयोग और खेलों के प्रति समर्पण पर निर्भर करती है। सिरमौर में एथलेटिक्स की अपार संभावनाएं हैं और जिले के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत इस बात की है कि इन प्रतिभाओं को उचित मंच, बेहतर मार्गदर्शन और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करवाए जाएं।
उन्होंने कहा कि एसोसिएशन का प्रयास रहेगा कि सामूहिक सहयोग से जिले में एथलेटिक्स गतिविधियों को और अधिक विस्तार दिया जाए तथा स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के बेहतर अवसर मिलें। उन्होंने सभी संबंधित सदस्यों से बैठक में समय पर उपस्थित होकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।