FIR / सिरमौर में मारपीट और झगड़े के चार मामलों में केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
FIR : जिला सिरमौर में मारपीट और झगड़े की अलग-अलग घटनाओं में पुलिस ने चार मामले दर्ज किए हैं। ये मामले पुलिस थाना पुरुवाला, माजरा और नाहन में दर्ज हुए हैं। सभी मामलों में शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिरमौर
पुरुवाला में घर में घुसकर हमला
पुलिस थाना पुरुवाला में अजय कुमार निवासी गांव भंगानी ने शिकायत दर्ज करवाई कि 4 जुलाई की रात वह अपने घर पर खाना खा रहे थे। आरोप है कि कई लोग उनके घर में घुस आए और उनके, उनकी पत्नी प्रीति तथा चाचा के बेटे सतीश के साथ मारपीट की। शिकायत में तेजधार हथियार से हमला करने और सोने की चेन ले जाने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
माजरा थाना में दो अलग-अलग मामले दर्ज
थाना माजरा में पहले मामले में मोहन लाल निवासी भारापुर ने आरोप लगाया कि कुछ लोग उनकी जमीन पर पहुंचे और लोहे की रॉड तथा डंडों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। वहीं दूसरे मामले में सुरेश कुमार निवासी भारापुर ने शिकायत दी कि खेत में काम के दौरान विवाद के बाद कई लोगों ने उनके परिवार पर लाठी, डंडों, सरिया और अन्य औजारों से हमला किया। शिकायत के अनुसार इस घटना में मीनाक्षी ठाकुर की दाहिनी बाजू टूट गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्यों को भी चोटें आईं। दोनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नाहन में रास्ता रोककर मारपीट का आरोप
थाना नाहन में सार्थक वर्मा निवासी कच्चा टैंक ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह अपने दोस्तों के साथ नाहन-शिमला रोड स्थित ह्यूमैनिटी कैफे के पास बैठे थे। आरोप है कि वहां पहुंचे कुछ युवकों से कहासुनी के बाद दो आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया, गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकियां दीं और उनके साथ मारपीट की। पुलिस ने इस मामले में भी शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। सभी चारों मामलों में पुलिस आगामी जांच कर रही है।
