FIR / विदेश भेजने का झांसा देकर 3.20 लाख रुपये ठगने का आरोप, फर्जी ऑफर लेटर से किया गुमराह
FIR / हमीरपुर जिले के सुजानपुर थाना क्षेत्र में विदेश भेजने और वीजा लगवाने के नाम पर एक व्यक्ति से 3.20 लाख रुपये लेने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने फर्जी ऑफर लेटर और जाली दस्तावेज देकर गुमराह करने के साथ ही जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जयसिंहपुर निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हमीरपुर
वार्ड नंबर दो बाबा स्वरूप गिर मोहल्ला निवासी दोलेश कौरी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह लंबा गांव बालकरूपी निवासी व्यक्ति को लंबे समय से जानते थे। आरोप है कि 24 मई 2026 को संबंधित व्यक्ति ने विदेश भेजने और वीजा लगवाने को लेकर उनसे बातचीत की तथा इस काम के लिए 3.20 लाख रुपये लिए। शिकायतकर्ता के अनुसार, इसके बाद दस्तावेजों के सत्यापन का बहाना बनाकर प्रक्रिया पूरी होने का भरोसा दिया जाता रहा।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि चार महीने तक फर्जी ऑफर लेटर और अन्य जाली दस्तावेज देकर उन्हें लगातार गुमराह किया गया। जब उन्होंने वीजा नहीं आने का कारण पूछा तो आरोपी ने कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उनका असली पासपोर्ट और हस्ताक्षर किए हुए तीन बैंक चेक अपने पास रख लिए हैं। एसपी हमीरपुर बलबीर सिंह ने बताया कि सुजानपुर पुलिस थाना में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।