Loading...

Jobs / मैहला में आंगनबाड़ी के 21 पदों पर भर्ती, 20 अक्तूबर तक मांगे आवेदन

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Jobs / चंबा जिले की बाल विकास परियोजना मैहला के तहत विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यकर्ता के पांच और सहायिका के 16 रिक्त पदों के लिए पात्र महिला उम्मीदवारों से आवेदन मांगे गए हैं। इच्छुक उम्मीदवार आवश्यक प्रमाण-पत्रों के साथ 20 अक्तूबर तक बाल विकास परियोजना अधिकारी मैहला के कार्यालय में आवेदन जमा कर सकती हैं। इन पदों के लिए साक्षात्कार 28 अक्तूबर को चंबा में आयोजित किए जाएंगे।

चंबा/मैहला

बाल विकास परियोजना अधिकारी अक्षय कुमार ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद कुण्डी-I, बैली, घरमाणी, चड़ी-I और किलोड़ केंद्रों में रिक्त हैं। आंगनबाड़ी सहायिका के पद कुण्डी-II, काकड़ोलू, भडोर, डुड़ेईं, संगेड़, दाढूंईं, बसोधन, उच्चका, बाहरेई, बाड़का, शिटल, हथेड़ी, निचला मंगला, मियाड़ी, रठियार और माण्डला आंगनबाड़ी केंद्रों में भरे जाने हैं।

उम्मीदवारों के लिए निर्धारित पात्रता

इन पदों के लिए वही महिला उम्मीदवार पात्र होंगी, जो संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के फीडिंग एरिया यानी उप गांव की सामान्य निवासी हों। उम्मीदवार की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका, दोनों पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता बारहवीं कक्षा उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। उम्मीदवार के परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।

वार्षिक आय के प्रमाण के रूप में तहसीलदार, नायब तहसीलदार या कार्यकारी दंडाधिकारी द्वारा जारी अथवा प्रति हस्ताक्षरित आय प्रमाण-पत्र मान्य होगा। आवेदन के साथ हिमाचली प्रमाण-पत्र, आयु, शैक्षणिक योग्यता, वार्षिक पारिवारिक आय और परिवार नकल सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की सत्यापित छायाप्रतियां जमा करनी होंगी। निर्धारित अंतिम तिथि के बाद मिलने वाले आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

28 अक्तूबर को होंगे साक्षात्कार

रिक्त पदों के लिए साक्षात्कार 28 अक्तूबर को सुबह 10:30 बजे से शाम 5 बजे तक उपमंडलाधिकारी नागरिक, चंबा के कार्यालय में आयोजित किए जाएंगे। पात्र महिला उम्मीदवार आवेदन से संबंधित अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए बाल विकास परियोजना अधिकारी मैहला, जिला चंबा के कार्यालय से संपर्क कर सकती हैं।

Related Topics: •