FIR / कोठार स्कूल के बाहर से 18 वर्षीय युवती लापता, अज्ञात व्यक्ति पर मामला दर्ज
FIR / कांगड़ा के रानीताल स्थित कोठार में स्कूल के बाहर छोड़ी गई 18 वर्षीय युवती के लापता होने के बाद पुलिस ने उसके भाई की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। पुलिस जिला देहरा के विभिन्न क्षेत्रों से पहले लापता हुए चार अन्य लोगों की तलाश भी जारी है और इन मामलों में अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।
कांगड़ा/बनखंडी
पुलिस के अनुसार, भंगवार निवासी दीपांशु ने बताया कि वह 17 अक्तूबर की सुबह करीब साढ़े आठ बजे अपनी बहन को कोठार स्थित स्कूल के बाहर छोड़कर गया था। इसके बाद युवती लापता हो गई। परिजनों ने संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। शिकायत मिलने पर पुलिस ने एफआईआर संख्या 80/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 127(6) में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी देहरा संदीप धवल ने मामले की पुष्टि की है।
चार अन्य लापता लोगों की भी तलाश जारी
वनखंडी के वगरोट गांव से 27 जुलाई को लापता हुए 17 वर्षीय कृष शर्मा और सक्षिव शर्मा का 84 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिला है। दोनों के बैग ब्यास नदी के किनारे मिले थे। नौशहरा निवासी 80 वर्षीय रंजना कुमारी भी 3 अक्तूबर से लापता हैं। इसके अलावा गुलेर निवासी 20 वर्षीय मानसी 16 अक्तूबर को ब्यूटी पार्लर में काम करने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। पुलिस इन सभी मामलों में तलाश अभियान जारी रखे हुए है।