Loading...

संजौली से रामपुर और रिकांगपिओ के लिए 21 अक्टूबर से हेलीकॉप्टर उड़ान, सप्ताह में तीन दिन मिलेगी सेवा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 59 Mins Ago • 1 Min Read

हिमाचल प्रदेश में हवाई संपर्क का विस्तार करते हुए 21 अक्टूबर से संजौली और रामपुर के बीच हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी। इसे रामपुर से रिकांगपिओ तक भी जोड़ा गया है। हेलीकॉप्टर सोमवार, शुक्रवार और शनिवार को उड़ान भरेगा। संजौली से रामपुर का सफर 35 मिनट में पूरा होगा। इस सुविधा से रामपुर और किन्नौर के लोगों को शिमला आने-जाने के लिए परिवहन का एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।

शिमला

प्रदेश सरकार के प्रवक्ता के अनुसार हेलीकॉप्टर संजौली से सुबह 9:55 बजे रवाना होगा और 10:30 बजे रामपुर पहुंचेगा। इसके बाद रामपुर से रिकांगपिओ के लिए सुबह 10:50 बजे उड़ान होगी, जो 11:25 बजे अपने गंतव्य पर पहुंचेगी। वापसी में हेलीकॉप्टर रिकांगपिओ से सुबह 11:30 बजे उड़ान भरकर दोपहर 12:05 बजे रामपुर पहुंचेगा। रामपुर से संजौली के लिए वापसी उड़ान दोपहर 12:10 बजे होगी और हेलीकॉप्टर 12:45 बजे संजौली पहुंचेगा।

सप्ताह में तीन दिन उपलब्ध रहेगी सेवा

यह हेलीकॉप्टर सेवा सप्ताह में तीन दिन सोमवार, शुक्रवार और शनिवार को संचालित होगी। सरकार के अनुसार इसका उद्देश्य दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों के लोगों के लिए आवागमन आसान बनाना तथा क्षेत्रीय हवाई संपर्क मजबूत करना है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रामपुर विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान स्थानीय लोगों से संवाद करते हुए संजौली और रामपुर के बीच यह सेवा शुरू करने की घोषणा की थी। सरकार के मुताबिक लोगों की आवागमन संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इसे रिकांगपिओ तक जोड़ा गया है।

उड़ान 5.1 के तहत आवंटित किए गए हवाई मार्ग

रामपुर के साथ रिकांगपिओ तक हवाई संपर्क मिलने से किन्नौर की ओर जाने वाले यात्रियों को भी हेलीकॉप्टर यात्रा का विकल्प उपलब्ध होगा। पवन हंस लिमिटेड ने क्षेत्रीय संपर्क योजना उड़ान के तहत शिमला-रामपुर मार्ग पर हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने का अनुरोध किया है। उड़ान 5.1 के अंतर्गत शिमला, रामपुर, रिकांगपिओ, कुल्लू, मनाली, मंडी और चंडीगढ़ को जोड़ने वाले विभिन्न हवाई मार्ग हेरिटेज एविएशन और पवन हंस लिमिटेड को आवंटित किए गए हैं।

क्षेत्रीय कनेक्टिविटी पर हर महीने 35.70 लाख रुपये खर्च

हेरिटेज एविएशन वर्तमान में शिमला-रिकांगपिओ, शिमला-कुल्लू-शिमला और चंडीगढ़-मंडी वाया कुल्लू मार्गों पर क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत उड़ानें संचालित कर रहा है। पवन हंस लिमिटेड संजौली और चंडीगढ़ के बीच सप्ताह में तीन दिन हेलीकॉप्टर सेवा दे रहा है। राज्य क्षेत्रीय कनेक्टिविटी योजना के तहत प्रति सप्ताह नौ अतिरिक्त उड़ानें भी संचालित की जाती हैं। इनके व्यवहार्यता अंतर वित्तपोषण की पूरी राशि राज्य सरकार वहन करती है, जिस पर करीब 35.70 लाख रुपये प्रतिमाह खर्च होते हैं। इन व्यवस्थाओं से शिमला और चंडीगढ़ के बीच सप्ताह में छह दिन हवाई संपर्क उपलब्ध है।