Loading...

FIR : नाहन के पारिवारिक विवाद में बहू ने आरोप नकारे, पति पर मारपीट और उत्पीड़न का दावा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

FIR : नाहन में बुजुर्ग महिला से मारपीट के आरोपों से जुड़े पारिवारिक विवाद में बहू रीमा अग्रवाल ने अपने दोनों बेटों के साथ मीडिया के सामने पक्ष रखा है। उन्होंने सास से मारपीट के आरोपों को गलत बताते हुए दावा किया कि उनके बच्चों ने दादी पर हाथ नहीं उठाया। रीमा ने अपने अधिवक्ता पति पर मारपीट और लंबे समय से उत्पीड़न के आरोप लगाते हुए अंबाला में मामला दर्ज करवाने की जानकारी दी।

नाहन

सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में करीब पांच दिन पहले एक बुजुर्ग महिला ने अपनी बहू और पोतों पर मारपीट के आरोप लगाए थे। वीरवार को मामले में नया मोड़ तब आया, जब रीमा अग्रवाल ने अपने बेटों केशव और रुद्रांश के साथ पत्रकार वार्ता की। उन्होंने कहा कि न तो उन्होंने अपनी सास के साथ मारपीट की और न ही उनके बेटों ने अपनी दादी पर हाथ उठाया। इससे पहले अधिवक्ता की ओर से इस मामले को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई थी।

रीमा अग्रवाल ने आरोप लगाया कि गत शनिवार को उनके अधिवक्ता पति ने उनके साथ मारपीट की थी और इसके बाद आरोप उल्टे उन पर लगा दिए गए। उन्होंने दावा किया कि वह करीब 20 वर्षों से पति और सास की कथित प्रताड़ना सह रही हैं। रीमा के अनुसार, उनके पिता अंबाला से हर महीने उनके पति को 20 हजार रुपये भेजते थे। अपने दावे के समर्थन में उन्होंने पिता के बैंक खाते की प्रति और लेनदेन से संबंधित दस्तावेज भी मीडिया के सामने रखे।

रीमा ने आरोप लगाया कि पति और सास की मांग बढ़ने पर उनके पिता ने कई अवसरों पर 40 हजार, 50 हजार और 80 हजार रुपये देने के साथ सोना-चांदी भी दिया। उन्होंने बताया कि अंबाला में उनके पति के लिए एक दुकान खरीदी गई थी और पति के पास मौजूद गाड़ी का भुगतान भी उनके पिता ने किया था। रीमा का दावा है कि उनके पिता अब तक पति और सास को करोड़ों रुपये दे चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद कथित उत्पीड़न कम नहीं हुआ।

रीमा ने कहा कि परिवार टूटने के डर से वह कई वर्षों तक कथित उत्पीड़न सहती रहीं, लेकिन अब स्थिति उनके लिए असहनीय हो गई है। उन्होंने बताया कि वे तीन बहनें हैं, उनकी मां का निधन हो चुका है और पिता बीमार रहते हैं। रीमा ने यह आरोप भी लगाया कि पति के नाहन में अधिवक्ता होने के कारण शहर का कोई वकील उनका मामला लड़ने के लिए तैयार नहीं है। इसी कारण उन्होंने अपने मायके अंबाला जाकर पति के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।

उन्होंने कहा कि वह इस प्रकरण को राज्य महिला आयोग और राष्ट्रीय महिला आयोग के समक्ष भी उठाएंगी। फिलहाल इस पारिवारिक विवाद में दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग आरोप सामने आए हैं। बुजुर्ग महिला की शिकायत के बाद अब बहू और उसके दोनों बेटों ने सार्वजनिक रूप से आरोपों को खारिज करते हुए अपना पक्ष रखा है। रीमा की ओर से पति और सास पर लगाए गए आरोप उनके दावे हैं और मामला दर्ज करवाने की जानकारी भी उन्होंने पत्रकार वार्ता में दी है।

Related Topics: