Loading...

Fire / माइक्रो मोशन फैक्ट्री में भीषण अग्निकांड, करोड़ों की संपत्ति जलकर राख

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Fire : औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब की माइक्रो मोशन फैक्ट्री में भीषण आग लगने से करोड़ों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। आग पर कई घंटों तक काबू नहीं पाया जा सका और विभिन्न स्थानों से पहुंची दमकल टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं। घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए।

नाहन/कालाअंब

औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के रामपुर जट्टान स्थित नामी उद्योग माइक्रो मोशन में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे भीषण आग लगने से पूरे औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी फैक्ट्री इसकी चपेट में आ गई। आसमान में धुएं का घना गुबार छा गया और दूर-दूर तक आग की ऊंची लपटें दिखाई देने लगीं। हालात की गंभीरता को देखते हुए आसपास संचालित कई उद्योगों को एहतियातन बंद करवा दिया गया, ताकि आग अन्य इकाइयों तक न फैल सके।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट से लगी बताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। माइक्रो मोशन में गत्ते के डिब्बों का निर्माण किया जाता है। फैक्ट्री के भीतर बड़ी मात्रा में रखा तैयार माल, कच्चा माल, पैकेजिंग सामग्री तथा महंगी मशीनरी आग की भेंट चढ़ गई। भीषण लपटों ने कुछ ही देर में पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया और अधिकांश सामान जलकर राख हो गया।

फैक्ट्री के मालिक अनिरुद्ध अग्रवाल ने बताया कि घटना के समय वह अपने कार्यालय में बैठे हुए थे। इसी दौरान अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और कर्मचारियों ने उन्हें फैक्ट्री में आग लगने की सूचना दी। उन्होंने बताया कि देखते ही देखते आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। उनके अनुसार इस भीषण अग्निकांड में फैक्ट्री पूरी तरह जलकर राख हो गई है तथा प्रारंभिक तौर पर करोड़ों रुपये के नुकसान का आकलन किया गया है।घटना की सूचना मिलते ही कालाअंब, नाहन तथा हरियाणा के नारायणगढ़ सहित विभिन्न स्थानों से दमकल विभाग के वाहन मौके पर पहुंच गए। दोपहर तीन बजे तक भी आग पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं पाया जा सका था। दमकल कर्मी लगातार पानी की बौछारें कर आग को फैलने से रोकने में जुटे रहे। राहत कार्य में जेसीबी मशीनों की भी सहायता ली गई, जबकि फैक्ट्री प्रबंधन, कर्मचारी और स्थानीय लोग भी युद्ध स्तर पर आग बुझाने के प्रयास में लगे रहे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग के दौरान फैक्ट्री परिसर के भीतर कई तेज धमाके भी हुए। बताया जा रहा है कि गत्ते के डिब्बों के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले चिपकाने वाले रसायन (एडहेसिव) के ड्रम तेज गर्मी के कारण फट गए, जिससे आग और अधिक भड़क गई।फायर लीडिंग ऑफिसर रमेश चंद ने बताया कि नाहन, कालाअंब और हरियाणा के दमकल कर्मी लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटे रहे। उन्होंने बताया कि आग की गंभीरता को देखते हुए कई फायर टेंडरों को मौके पर लगाया गया और आग पर नियंत्रण पाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे।वहीं थाना प्रभारी कालाअंब बलवंत कंवर ने बताया कि जैसे ही उन्हें घटना की सूचना मिली, वह पूरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल की जाएगी।

हालांकि नुकसान का आधिकारिक आकलन अभी नहीं किया गया है, लेकिन फैक्ट्री प्रबंधन के अनुसार इस अग्निकांड में करोड़ों रुपये की संपत्ति नष्ट हुई है। प्रशासन की ओर से नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।

हादसे ने खड़े किए कई बड़े सवाल
कालाअंब के इस भीषण अग्निकांड ने औद्योगिक क्षेत्र की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच का सबसे अहम विषय यह होगा कि क्या माइक्रो मोशन फैक्ट्री में अग्निशमन के पर्याप्त एवं कार्यशील उपकरण उपलब्ध थे और उनका समय-समय पर निरीक्षण किया जाता था। इसके साथ ही यह भी सवाल उठ रहे हैं कि औद्योगिक क्षेत्र की अन्य फैक्ट्रियों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन किस स्तर पर हो रहा है तथा क्या संबंधित विभाग नियमित रूप से सुरक्षा ऑडिट कर रहा है। इस पूरे मामले में अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।

Related Topics: