Loading...

Fire / शाया चबरोंन में भीषण अग्निकांड, गौशाला के ऊपर बना मकान और रसोई राख, परिवार के पास बदन के कपड़ों के अलावा कुछ नहीं

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Fire : राजगढ़ उपमंडल की ग्राम पंचायत शाया चबरोंन में देर रात हुए अग्निकांड में एक परिवार का पारंपरिक पहाड़ी मकान और रसोईघर पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग में घर का राशन, कपड़े, बिस्तर, बर्तन और अन्य घरेलू सामान नष्ट हो गया, जबकि ग्रामीणों ने समय रहते आग को अन्य घरों तक फैलने से रोक लिया।

राजगढ़

सिरमौर जिले के राजगढ़ उपमंडल की ग्राम पंचायत शाया चबरोंन में बुधवार देर रात भीषण अग्निकांड में सुखदेव कुमार का पारंपरिक पहाड़ी मकान और रसोईघर जलकर राख हो गए। आग में घर का राशन, कपड़े, बिस्तर, बर्तन और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। परिवार के पास अब केवल वही कपड़े बचे हैं, जो घटना के समय उन्होंने पहन रखे थे।जानकारी के अनुसार रात करीब 11 बजे मकान के ऊपरी हिस्से से अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। घटना के समय सुखदेव कुमार घर पर नहीं थे, जबकि उनकी पत्नी वंदना धीमान अकेली थीं। उन्होंने सबसे पहले गौशाला में बंधे तीन-चार पशुओं को सुरक्षित बाहर निकाला और शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया।

बारिश और ठंड के बावजूद ग्रामीण बाल्टियां, पाइप और अन्य उपलब्ध साधनों के साथ मौके पर पहुंचे और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक रसोईघर और मकान का बड़ा हिस्सा जल चुका था। ग्रामीणों की तत्परता से आग को आसपास के अन्य घरों तक फैलने से रोक लिया गया।पीड़ित सुखदेव कुमार ने बताया कि वर्षों की मेहनत से बनाया आशियाना और घर का पूरा सामान आग की भेंट चढ़ गया। लगातार बारिश के बीच अब परिवार के सामने रहने और भोजन की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।

ग्राम पंचायत के उपप्रधान राजकुमार ठाकुर ने बताया कि पंचायत प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी। साथ ही प्रदेश सरकार को रिपोर्ट भेजकर आपदा राहत कोष के तहत आर्थिक सहायता और नए मकान के निर्माण के लिए मदद की मांग की जाएगी।ग्रामीणों ने प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और सक्षम लोगों से परिवार की तत्काल आर्थिक सहायता, राशन, कपड़े और अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराने की अपील की है, ताकि एक ही रात में सब कुछ गंवा चुके परिवार को दोबारा सामान्य जीवन मिल सके।

Related Topics: