Loading...

Fire / ध्यूंसर सदाशिव महादेव क्षेत्र के जंगलों में भीषण आग, वन संपदा को भारी नुकसान

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Forest Fire : उपमंडल बंगाणा के अंतर्गत ध्यूंसर सदाशिव महादेव क्षेत्र के जंगलों में लगी भीषण आग से वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचा है। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर जंगल के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे आसपास के क्षेत्रों में चिंता का माहौल बना रहा।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

स्थानीय लोगों के अनुसार आग सबसे पहले ध्यूंसर और बही क्षेत्र के जंगलों में दिखाई दी। तेज गर्मी और हवाओं के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। कुछ ही घंटों में आग मांजरू, बही, लालशाह, दुगयार और भलखूं गांवों की ओर बढ़ने लगी, जिससे ग्रामीणों में अपने घरों और पशुधन की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई।

आग की चपेट में आने से हजारों छोटे पौधे, घास और अन्य वन संपदा जलकर राख हो गई। इसके अलावा कई जंगली जीव-जंतुओं के भी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। जंगलों से उठती ऊंची लपटें और धुएं के गुबार दूर-दूर तक दिखाई देते रहे।

वन विभाग से कार्रवाई की मांग

स्थानीय लोगों ने वन विभाग से जंगलों में निगरानी बढ़ाने और कर्मचारियों की नियमित तैनाती सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जंगलों में आग लगाने जैसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि वन संपदा और वन्य जीवों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नजर रखने और आग पर नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील भी की है।

Related Topics: