Loading...

गिरी पेयजल योजना की मुख्य पाइपलाइन बदलने का काम शुरू, नाहन में एक दिन छोड़कर होगी जलापूर्ति

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 42 Mins Ago • 1 Min Read

नाहन शहर की गिरी पेयजल योजना की मुख्य पाइपलाइन बदलने का कार्य शुरू होने से मरम्मत पूरी होने तक एक दिन छोड़कर जलापूर्ति की जाएगी। जल शक्ति विभाग वैकल्पिक पेयजल योजनाओं के माध्यम से पानी की आपूर्ति जारी रखते हुए लोगों से पानी का संयमित उपयोग और जल संरक्षण अपनाने की अपील कर रहा है।

नाहन

नाहन शहर को गिरी नदी से पेयजल उपलब्ध कराने वाली मुख्य जलापूर्ति योजना (एलडब्ल्यूएसएस) की पाइपलाइन बदलने का कार्य शुरू हो गया है। इसके चलते मरम्मत कार्य पूरा होने तक शहर में पेयजल आपूर्ति एक दिन छोड़कर (वैकल्पिक दिनों में) की जाएगी। जल शक्ति विभाग ने लोगों से पानी का संयमित उपयोग करने और अनावश्यक जल व्यय से बचने की अपील की है।

जल शक्ति उपमंडल नाहन के सहायक अभियंता रोशन लाल ने बताया कि मरम्मत कार्य के दौरान शहर की जलापूर्ति प्रभावित न हो, इसके लिए खैरी-बोगरीघाट पेयजल योजना तथा नेहर सवार पेयजल योजना से अतिरिक्त पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। विभाग का प्रयास रहेगा कि सभी क्षेत्रों में यथासंभव नियमित और संतुलित जलापूर्ति बनी रहे।

गौरतलब है कि विभाग ने मुख्य पाइपलाइन बदलने के लिए पहले 10 दिन का शटडाउन प्रस्तावित किया था, लेकिन लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम के कारण कार्य शुरू नहीं किया जा सका। अब मौसम साफ होने के बाद विभाग ने पाइपलाइन बदलने के कार्य में तेजी ला दी है।विभाग ने भरोसा दिलाया है कि निर्माण कार्य के साथ-साथ शहर की पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के हर संभव प्रयास किए जाएंगे। साथ ही नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा गया है कि जल संरक्षण अपनाकर विभाग का सहयोग करें, ताकि सभी क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति बेहतर ढंग से सुनिश्चित की जा सके।