Loading...

राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार की एनएसएस इकाई की सामान्य सभा आयोजित, आगामी सत्र की कार्ययोजना तैयार

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार की एनएसएस इकाई ने सामान्य सभा आयोजित कर पिछले शैक्षणिक सत्र की गतिविधियों की समीक्षा और आगामी सत्र की कार्ययोजना तैयार की। बैठक में नए पदाधिकारियों की नियुक्ति के साथ विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

उप तहसील जोल एवं ग्राम पंचायत चौकीमन्यार के अंतर्गत आने वाले राजकीय राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा बुधवार को एक सामान्य सभा का आयोजन किया गया, जिसमें इकाई के सक्रिय स्वयंसेवकों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य गत शैक्षणिक सत्र में आयोजित विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों की समीक्षा करना तथा आगामी सत्र के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. नवीन शर्मा के स्वागत भाषण से हुआ। उन्होंने सभी स्वयंसेवकों का स्वागत करते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना के मूल उद्देश्य “स्वयं से पहले समाज” की भावना को आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एनएसएस केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सेवा-भाव, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने स्वयंसेवकों से समाजहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लेने का आग्रह किया।

बैठक के दौरान आगामी सत्र में एनएसएस गतिविधियों के प्रभावी एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए करणवीर (बी.ए. तृतीय वर्ष) को छात्र प्रमुख तथा मीनाक्षी (बी.ए. तृतीय वर्ष) को छात्रा प्रमुख नियुक्त किया गया। इसके साथ ही इकाई को कार्यों के बेहतर संचालन के उद्देश्य से पाँच अलग-अलग कार्य-समूहों में विभाजित किया गया तथा प्रत्येक समूह के लिए दल-नेताओं की नियुक्ति कर जिम्मेदारियां सौंपी गईं, ताकि प्रत्येक गतिविधि का संचालन सुनियोजित एवं प्रभावी ढंग से किया जा सके।

सभा में आगामी सत्र के दौरान आयोजित किए जाने वाले विभिन्न जनहित एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा भी तैयार की गई। इनमें वृक्षारोपण अभियान, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, साक्षरता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति जागरूकता तथा अन्य सामुदायिक सेवा गतिविधियों को प्रमुखता से शामिल किया गया। इन सभी कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन के लिए स्वयंसेवकों को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए और समयबद्ध योजना बनाने पर बल दिया गया।

बैठक के दौरान नए स्वयंसेवकों को राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्य, मिशन, कार्यप्रणाली, स्वयंसेवकों की जिम्मेदारियों एवं समाज सेवा के महत्व से भी विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया। उन्हें बताया गया कि एनएसएस का उद्देश्य विद्यार्थियों को समाज की वास्तविक समस्याओं से जोड़ते हुए उनमें संवेदनशीलता, सहयोग, नेतृत्व और सेवा की भावना विकसित करना है।सभा के अंत में सभी स्वयंसेवकों ने आगामी सत्र में पूरे उत्साह, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ एनएसएस की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा समाज सेवा के माध्यम से महाविद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करने का संकल्प लिया। बैठक उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।