Loading...

Government Decision: बालीवाल में करीब 125 करोड़ की विकास योजनाओं से मजबूत होंगी बुनियादी सुविधाएं

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 53 Mins Ago • 1 Min Read

Government Decision: उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि बालीवाल पंचायत में करीब 125 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं पर काम किया जाएगा और इनके लिए धनराशि उपलब्ध करवा दी गई है। उन्होंने बताया कि अगले एक साल के दौरान क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और कनेक्टिविटी से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

Government Decision: बालीवाल में करीब 125 करोड़ की विकास योजनाओं से मजबूत होंगी बुनियादी सुविधाएं

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बालीवाल के वार्षिक पारितोषिक समारोह में मुख्यातिथि के रूप में पहुंचे उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजुआणा से पोलियां को जोड़ने वाली सड़क पर 42 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। भूमि अधिग्रहण के लिए राशि लोक निर्माण विभाग को उपलब्ध करवा दी गई है। पुबोआल-बालीवाल सड़क पर 3.50 करोड़ रुपये से पुल बनाया जाएगा, जबकि समनाल-पंजुआणा सड़क के लिए 14 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाने के साथ सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं।

लैब, प्रशासनिक भवन और हॉस्टल पर होगा काम

मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि पंजुआणा में 100 करोड़ रुपये की लागत से लैब स्थापित की जाएगी और बल्क ड्रग पार्क का प्रशासनिक भवन 40 करोड़ रुपये में बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 8.50 करोड़ रुपये की लागत वाले वर्किंग वीमेन हॉस्टल का निर्माण शुरू हो चुका है। पीएचसी बालीवाल के लिए भी डेढ़ करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए गए हैं। उनके अनुसार इन परियोजनाओं से क्षेत्र में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं को गति मिलेगी।

Government Decision: बालीवाल में करीब 125 करोड़ की विकास योजनाओं से मजबूत होंगी बुनियादी सुविधाएं

अगले सत्र से शुरू होंगी कॉमर्स की कक्षाएं

उप मुख्यमंत्री ने बालीवाल स्कूल में करीब 22 लाख रुपये की लागत से बने अतिरिक्त भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के दौरान शिक्षा, सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया। उन्होंने घोषणा की कि अगले सत्र से बालीवाल विद्यालय में कॉमर्स और कांगड़ स्कूल में म्यूजिक की कक्षाएं शुरू की जाएंगी। प्रधानाचार्य की ओर से स्कूल के विकास को लेकर रखी गई मांगों को पूरा करने का आश्वासन भी दिया गया। विद्यालय में वर्तमान में 174 विद्यार्थी पढ़ रहे हैं।

Government Decision: बालीवाल में करीब 125 करोड़ की विकास योजनाओं से मजबूत होंगी बुनियादी सुविधाएं

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि लोगों को सरकार से उम्मीदें हैं और उनका लक्ष्य बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। उन्होंने बालीवाल से महाविद्यालय की छात्राओं के लिए एचआरटीसी बस सेवा शुरू करने की बात भी कही। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि हरोली महाविद्यालय में वर्तमान में लगभग 500 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं और अगले साल यह संख्या करीब 1000 तक पहुंचने की उम्मीद है। अगले वर्ष से महाविद्यालय में एमएससी और लॉ की कक्षाएं भी शुरू की जाएंगी।

29 सितंबर को हरोली महाविद्यालय में कार्यक्रम

उप मुख्यमंत्री ने लोगों से 29 सितंबर को हरोली महाविद्यालय परिसर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में पंजाबी गायक गुरदास मान विशेष प्रस्तुति देंगे। वार्षिक समारोह के दौरान स्कूल के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिशाषी अभियंता, विद्यार्थियों के अभिभावक तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।