Loading...

सरकाघाट के एक युवक की गोविंद सागर झील में डूबने से एक युवक की मौत

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 1 Hour Ago • 1 Min Read

गोविंद सागर झील में डूबने से सरकाघाट निवासी 32 वर्षीय युवक गगनदीप की दर्दनाक मौत हो गई, जिसके बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है। गरीब नाथ मंदिर के समीप लावारिस बाइक मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने सर्च अभियान चलाया, जिसके दौरान युवक का शव झील से बरामद किया गया।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

उपमंडल बंगाणा के अंतर्गत आने वाली गोविंद सागर झील में डूबने से सरकाघाट के एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गगनदीप (32) पुत्र रोशन लाल निवासी गांव गहर, डाकघर घर, तहसील सरकाघाट जिला मंडी के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।जानकारी के अनुसार गोविंद सागर झील के गरीब नाथ मंदिर के समीप एक मोटरसाइकिल लावारिस हालत में खड़ी मिली थी। बाइक पर सरकाघाट का नंबर अंकित होने के चलते पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की।आसपास तलाश करने पर झील में युवक के डूबने की आशंका जताई गई, जिसके बाद पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से सर्च अभियान चलाया गया। बाद में युवक का शव झील से बरामद कर लिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया। परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान गगनदीप के रूप में की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।बताया जा रहा है कि युवक किसी कार्य से क्षेत्र में आया हुआ था। हालांकि युवक के झील में डूबने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हर पहलू को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।एसएचओ बंगाणा रोहित कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि युवक के शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है तथा आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Related Topics: