गुरु रविदास जी के आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत : संजीव कटवाल
भाजपा के समरस संकल्प अभियान के तहत बद्दी में आयोजित जिला स्तरीय बैठक में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती पर उनके विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को याद किया गया। मुख्य अतिथि संजीव कटवाल ने गुरु रविदास जी के समानता, मानवता और सामाजिक सद्भाव के सिद्धांतों को आज भी समाज और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रासंगिक बताया।
बद्दी
भारतीय जनता पार्टी के समरस संकल्प अभियान के अंतर्गत संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर बद्दी में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान जिला अध्यक्ष रतन पाल, जिला प्रभारी राजपाल, सह प्रभारी संदीपनी भारद्वाज सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए संजीव कटवाल ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी केवल महान संत ही नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने ऐसे समाज की कल्पना की, जहां व्यक्ति का सम्मान उसकी जाति या जन्म से नहीं, बल्कि उसके कर्म, चरित्र और भक्ति के आधार पर हो। उन्होंने जीवनभर ऊंच-नीच, छुआछूत और सामाजिक भेदभाव का विरोध करते हुए प्रेम, सेवा, सत्य और समानता का संदेश दिया।
कटवाल ने गुरु रविदास जी के प्रसिद्ध ‘बेगमपुरा’ के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने ऐसे आदर्श समाज की परिकल्पना की थी, जहां किसी प्रकार का भय, अन्याय, भेदभाव या दुख न हो तथा प्रत्येक व्यक्ति सम्मान और समान अधिकारों के साथ जीवन व्यतीत कर सके। उनके विचार आज भी सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण के लिए मार्गदर्शक हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी गुरु रविदास जी सहित सभी संतों और महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। समरस संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज में भाईचारे, सामाजिक समरसता और एकात्मता की भावना को और अधिक मजबूत करना है।कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष रतन पाल, जिला प्रभारी राजपाल, सह प्रभारी संदीपनी भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
