Loading...

हादसा / कुनिहार में पहाड़ी से मलबा गिरने पर कार क्षतिग्रस्त, बच्चे सहित पांच लोग घायल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

हादसा : सोलन जिले के कुनिहार क्षेत्र में पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने से एक कार क्षतिग्रस्त हो गई, जिसमें सवार पांच लोग घायल हुए। घायलों को स्थानीय लोगों की सहायता से अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि प्रशासन को घटना की सूचना दे दी गई है।

सोलन

चलती कार पर गिरा मलबा और पत्थर

सोलन जिले के कुनिहार क्षेत्र के बनोह-सरली मोड़ मार्ग पर शुक्रवार को पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने से एक चलती कार क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में कार में सवार तीन महिलाएं, एक बच्चा और चालक सहित कुल पांच लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

अगला शीशा क्षतिग्रस्त, वाहन को नुकसान

प्राप्त जानकारी के अनुसार भूमति के तनसेटा गांव से एक कार सरली मोड़ होते हुए बनोह खरड़हट्टी मार्ग से कुनिहार की ओर जा रही थी। क्रशर से आगे चढ़ाई वाले हिस्से में पहुंचते ही पहाड़ी से मलबा और बड़े पत्थर वाहन पर गिर गए। कुछ पत्थर कार का अगला शीशा क्षतिग्रस्त करते हुए वाहन के भीतर पहुंच गए, जिससे कार को नुकसान हुआ।

स्थानीय लोगों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कार में फंसे चालक मेहर चंद, तीन महिलाओं तथा बच्चे को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल कुनिहार पहुंचाया गया। स्थानीय निवासी अशोक चंदेल ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस थाना कुनिहार और लोक निर्माण विभाग को दे दी गई है।

मार्ग पर सुरक्षा उपायों की मांग

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से इस मार्ग पर सुरक्षा प्रबंध मजबूत करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि तत्काल स्थायी सुरक्षा कार्य संभव नहीं है, तो वर्षा ऋतु के दौरान आवश्यकतानुसार मार्ग पर अस्थायी यातायात प्रतिबंध लगाने पर भी विचार किया जाना चाहिए।

Related Topics: