हमीरपुर में बच्चों की फरमाइश बनी यादगार, मुख्यमंत्री सुक्खू ने शर्ट की पीठ पर किए ऑटोग्राफ
हमीरपुर जिले के बड़सर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित 80वें राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के समापन के बाद मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने स्कूली बच्चों की शर्ट की पीठ पर ऑटोग्राफ दिए। मुख्यमंत्री के बच्चों के बीच पहुंचते ही विद्यार्थियों ने उन्हें घेर लिया और हस्ताक्षर करने का आग्रह किया। बच्चे शर्ट के आगे के हिस्से के बजाय पीठ पर ऑटोग्राफ चाहते थे। उनकी लगातार फरमाइश पर मुख्यमंत्री ने हस्ताक्षर कर दिए, जिससे विद्यार्थी उत्साहित नजर आए।

हमीरपुर
बच्चों की फरमाइश सुनकर मुख्यमंत्री पहले मुस्कुराए और उन्हें समझाया कि शर्ट की पिछली तरफ ऑटोग्राफ देने पर उनके माता-पिता नाराज हो सकते हैं। इसके बावजूद विद्यार्थियों का उत्साह कम नहीं हुआ और वे पीठ पर ही हस्ताक्षर करवाने का आग्रह करते रहे। बच्चों की जिद को देखते हुए मुख्यमंत्री ने आखिरकार उनकी बात मान ली और उनकी शर्ट की पीठ पर ऑटोग्राफ दिए। मुख्यमंत्री से हस्ताक्षर मिलने के बाद बच्चों ने इस अनुभव को अपने लिए यादगार बताया।
समारोह के बाद मुख्यमंत्री से मिलने की दिखी उत्सुकता
राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों और परेड में हिस्सा लिया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बच्चों में मुख्यमंत्री से मिलने और उनके साथ कुछ समय बिताने को लेकर उत्सुकता दिखाई दी। इसी दौरान शर्ट की पीठ पर ऑटोग्राफ लेने की उनकी फरमाइश समारोह के बाद चर्चा का विषय बन गई। औपचारिक कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री और विद्यार्थियों के बीच हुई यह बातचीत बच्चों के लिए विशेष अनुभव बन गई।
