भाजपा के शासन में ही लोकतंत्र पर सवाल, अब जनता के बीच ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ की चौपाल लगाएगी कांग्रेस : राव दान सिंह
राहुल गांधी ने परत-दर-परत बेनकाब किया भाजपा का चेहरा, चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी उठाए गंभीर सवाल
हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन
हरियाणा के पूर्व मंत्री एवं महेंद्रगढ़ के विधायक तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के हिमाचल प्रदेश पर्यवेक्षक राव दान सिंह ने कहा कि देश में लोकतंत्र और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। जिस भारत को दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में पहचान मिली है और जिसकी चुनावी परंपराओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सम्मान मिला है, आज उसी लोकतांत्रिक व्यवस्था की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लगना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के मौजूदा नेतृत्व के कार्यकाल में उसकी संवैधानिक गरिमा और मतदाताओं का भरोसा कमजोर हुआ है।
नाहन में आयोजित प्रेस वार्ता में ‘लोकतंत्र बचाओ, देश बचाओ’ के एजेंडे पर अपनी बात रखते हुए राव दान सिंह ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र की बात करती है, लेकिन उसके अपने शासन वाले राज्यों में भी लोकतंत्र बचाने के नारे लगते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सत्ता भाजपा के हाथ में है तो फिर लोकतंत्र को बचाने की जरूरत किससे पड़ रही है? सत्ता में रहते हुए सड़क पर लोकतंत्र बचाने की बात करना भाजपा की राजनीति पर सवाल खड़े करता है।
राहुल गांधी के सवालों और चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर उन्होंने कहा कि कभी राहुल गांधी की बातों का मजाक उड़ाने वाले लोग आज उनके उठाए मुद्दों को गंभीरता से लेने को मजबूर हैं। राहुल गांधी ने तथ्यों के साथ परत-दर-परत भाजपा के राजनीतिक चेहरे को बेनकाब किया है। उन्होंने चुनाव आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर आरोप लगाए और कहा कि एक अंग्रेजी समाचार पत्र की पत्रकार ने अपनी निर्भीक पत्रकारिता के माध्यम से चुनावी प्रक्रिया से जुड़े कई सवालों को देश के सामने रखा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब वोट चोरी के मुद्दे को केवल राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित नहीं रखेगी। पार्टी ने देशभर में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान शुरू किया है। इसके तहत हर जिले, हर क्षेत्र और बूथ स्तर तक पहुंचकर आम नागरिकों को जागरूक किया जाएगा। इसके लिए गांव-गांव और मोहल्लों में ‘चौपाल’ आयोजित की जाएगी, जहां लोगों को लोकतांत्रिक अधिकारों और मतदान की निष्पक्षता के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं तो लोकतंत्र की बुनियाद प्रभावित होती है। ऐसे में जनता को जागरूक करना प्रत्येक नागरिक और राजनीतिक दल की जिम्मेदारी है।
नोटबंदी, जीएसटी और कोविड प्रबंधन का जिक्र करते हुए राव दान सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने समय-समय पर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए थे, लेकिन उस समय उनका मजाक उड़ाया गया। आज जनता उन सवालों के महत्व को समझ रही है। उन्होंने कहा कि वोट चोरी का मुद्दा भी अब केवल कांग्रेस का आरोप नहीं रह गया है, बल्कि देश का आम मतदाता भी चुनावी व्यवस्था को लेकर सवाल पूछ रहा है।
भाजपा से राजनीतिक कूटनीति सीखने के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति छल-कपट और धार्मिक भेदभाव पर आधारित नहीं रही है। कांग्रेस संविधान के अनुरूप सभी धर्मों और वर्गों को समान दृष्टि से देखती है। देश की तरक्की में कांग्रेस के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि डिजिटल क्रांति की मजबूत नींव पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी ने रखी थी। कांग्रेस हमेशा सर्वधर्म समभाव, सामाजिक एकता, संविधान और लोकतंत्र के सम्मान की पक्षधर रही है।
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता रूपेंद्र ठाकुर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद परमार, जिला परिषद सदस्य नीलम शर्मा, श्रीरेणुकाजी कांग्रेस मंडल अध्यक्ष जैलदार तपेंद्र सिंह, पार्षद नरेंद्र तोमर, सप्पू सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।