Loading...

प्रदेश कांग्रेस ने संगठन विस्तार अभियान तेज करने पर दिया जोर, ब्लॉक और पंचायत स्तर पर समितियों के गठन के निर्देश

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

प्रदेश कांग्रेस की आम सभा में संगठन विस्तार अभियान को तय समयसीमा में पूरा करने, ब्लॉक, जोन और पंचायत स्तर पर समितियों के गठन तथा नियमित समीक्षा बैठकों पर जोर दिया गया। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, सरकार की योजनाओं के प्रचार और आगामी चुनावी तैयारियों सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

शिमला

संगठन विस्तार अभियान पर हुई विस्तृत चर्चा

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित प्रदेश कांग्रेस कमेटी की आम सभा एवं जनरल हाउस बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल ने संगठन विस्तार अभियान को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी जिलों, ब्लॉकों, जोन और पंचायत स्तर पर संगठनात्मक इकाइयों का गठन शीघ्र पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक जिला, ब्लॉक और जोन कांग्रेस की मासिक बैठक नियमित रूप से आयोजित की जाए तथा उसकी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी के माध्यम से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को भेजी जाए। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों का निर्धारित रूप से निर्वहन करने की बात कही।

जिला स्तर पर कांग्रेस कार्यालय स्थापित करने पर भी जोर

रजनी पाटिल ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में कांग्रेस के अपने कार्यालय भवन स्थापित करने के लिए भी प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत बनाने के लिए जिला और ब्लॉक स्तर पर नियमित संवाद तथा समन्वय बनाए रखने पर बल दिया। बैठक के दौरान विभिन्न पदाधिकारियों से संगठन विस्तार अभियान की प्रगति की भी जानकारी ली गई।

राष्ट्रीय मुद्दों पर भी रखे विचार

बैठक के दौरान रजनी पाटिल ने विभिन्न राष्ट्रीय विषयों का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं से जुड़े मुद्दों और अन्य सार्वजनिक विषयों पर पार्टी कार्यकर्ताओं को लोगों के बीच तथ्यात्मक जानकारी पहुंचानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी इन विषयों पर अपनी बात संगठनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से जनता तक पहुंचाएगी।

मुख्यमंत्री ने सरकार की योजनाओं के प्रचार पर दिया बल

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी पदाधिकारियों से प्रदेश सरकार की नीतियों, योजनाओं और जनकल्याणकारी निर्णयों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अपनी घोषित गारंटियों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रही है तथा वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में आगामी चुनावों की रणनीति तैयार की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा।

संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान पर भी हुई चर्चा

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि संगठन विस्तार अभियान को और गति दी जाएगी। उन्होंने बताया कि शिमला में पहले ही दिन भाजपा के 300 से अधिक सक्रिय कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है तथा अगले एक महीने में 8 से 10 हजार लोगों के पार्टी से जुड़ने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने जिला और ब्लॉक अध्यक्षों को प्रत्येक माह 1 से 10 तारीख के बीच नियमित बैठकें आयोजित करने तथा उनकी कार्यवाही प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कनेक्ट रूम को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी बताया कि प्रत्येक मंत्री को एक जिले का प्रभारी बनाया जाएगा, ताकि संगठनात्मक बैठकों में कार्यकर्ताओं के सुझाव प्राप्त किए जा सकें।

उपमुख्यमंत्री सहित अन्य नेताओं ने भी रखे विचार

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पार्टी को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियां संगठनात्मक स्तर पर समय रहते शुरू करनी चाहिए। उन्होंने संगठनात्मक एकजुटता और नियमित संवाद पर बल दिया। बैठक को लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री विनोद जिंटा, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं सह प्रभारी चेतन चौहान तथा विदित चौधरी ने भी संबोधित किया। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के जिला एवं ब्लॉक अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों और कार्यों की जानकारी भी साझा की।

Related Topics: