Himachal Government: दो माह में तैयार होगा राजकीय महाविद्यालय खड्ड का इनडोर स्टेडियम: मुकेश अग्निहोत्री
Himachal Government: राजकीय महाविद्यालय खड्ड में 13.72 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा इनडोर स्टेडियम लगभग दो माह में तैयार हो जाएगा। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोमवार को निर्माणाधीन स्टेडियम का दौरा कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि इसके तैयार होने के बाद महाविद्यालय के विद्यार्थियों और क्षेत्र के युवाओं को आधुनिक खेल एवं फिटनेस सुविधाएं मिलेंगी।
ऊना/हरोली/वीरेंद्र बन्याल
मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि इनडोर स्टेडियम में मल्टीपर्पज हॉल के साथ बास्केटबॉल, बैडमिंटन और वॉलीबॉल की सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इसके अतिरिक्त बॉक्सिंग रिंग, फिटनेस सेंटर, योग एवं मेडिटेशन हॉल और कैफेटेरिया का निर्माण भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेल, फिटनेस और मानसिक स्वास्थ्य विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं तथा यह परियोजना उन्हें अपने क्षेत्र में ही आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली क्षेत्र में शिक्षा के साथ खेल अधोसंरचना को भी लगातार मजबूत किया जा रहा है। राजकीय महाविद्यालय खड्ड में निर्माणाधीन यह इनडोर स्टेडियम क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण परियोजना है। बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने से युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि हरोली में शिक्षा और खेल सुविधाओं को सुदृढ़ करने के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।
मुकेश अग्निहोत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्टेडियम का शेष निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को भी कहा। उपमुख्यमंत्री के अनुसार, लगभग दो माह में स्टेडियम तैयार होने के बाद विद्यार्थियों और क्षेत्र के युवाओं को यहां विकसित की जा रही खेल, फिटनेस, योग और ध्यान संबंधी सुविधाओं का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।
