Himachal Government: खेलो इंडिया की तर्ज पर होगा ‘खेलो हिमाचल’, आयोजन के लिए मिले 15 करोड़ रुपये
Himachal Government: हिमाचल प्रदेश में खेलो इंडिया की तर्ज पर बड़े स्तर पर ‘खेलो हिमाचल’ इवेंट आयोजित किया जाएगा। खेल मंत्री यादवेन्द्र गोमा ने बताया कि इसके लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 15 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई है। उन्होंने पांवटा साहिब में तीन दिवसीय साहिबजादा बाबा अजीत सिंह 34वीं राज्य युवा बास्केटबॉल प्रतियोगिता के समापन समारोह में यह जानकारी दी। प्रतियोगिता में प्रदेश की 26 टीमों ने हिस्सा लिया।
सिरमौर/पांवटा साहिब
युवा सेवा एवं खेल, आयुष तथा विधि मंत्री यादवेन्द्र गोमा ने प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित होता है। मंत्री के अनुसार राज्य सरकार खेल ढांचे के विकास और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न स्तरों पर काम कर रही है। राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश के 48 बच्चों ने आठ स्वर्ण, 11 रजत और 29 कांस्य पदक सहित पुरस्कार प्राप्त किए हैं।
स्पोर्ट्स हॉस्टलों में 368 खिलाड़ी ले रहे प्रशिक्षण
गोमा ने बताया कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए 11 स्पोर्ट्स हॉस्टल और एक स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स संचालित किया जा रहा है, जहां 368 खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इन युवा खिलाड़ियों को सरकार की ओर से रहने, भोजन और प्रशिक्षण सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सम्मान राशि में तीन सौ गुना बढ़ोतरी की गई है। ओलंपिक, शीतकालीन ओलंपिक और पैरालंपिक में स्वर्ण पदक विजेताओं को पांच करोड़, रजत पदक विजेताओं को तीन करोड़ और कांस्य पदक विजेताओं को दो करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं।
एशियाई एवं पैरा एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक के लिए चार करोड़, रजत पदक के लिए 2.50 करोड़ और कांस्य पदक के लिए 1.50 करोड़ रुपये की सम्मान राशि का प्रावधान है। राष्ट्रमंडल एवं पैरा राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक विजेताओं को तीन करोड़, रजत पदक विजेताओं को दो करोड़ और कांस्य पदक विजेताओं को एक करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं। खेल मंत्री ने कहा कि इन प्रावधानों का उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना है।
डाइट मनी और यात्रा सुविधा का प्रावधान
खेल मंत्री ने बताया कि प्रदेश में आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग लेने पर 250 रुपये प्रतिदिन और अन्य खिलाड़ियों को 400 रुपये प्रतिदिन डाइट मनी दी जा रही है। प्रदेश से बाहर होने वाली प्रतियोगिताओं में शामिल खिलाड़ियों के लिए 500 रुपये प्रतिदिन का प्रावधान है। खेल छात्रावासों में रहने वाले खिलाड़ियों को प्रदेश में 250 रुपये और प्रदेश से बाहर 400 रुपये डाइट मनी दी जा रही है। राज्य से बाहर 200 किलोमीटर तक की खेल यात्रा के लिए एसी-3 टियर किराया और इससे अधिक दूरी के लिए इकोनॉमी क्लास का किराया उपलब्ध कराया जा रहा है।
मंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहकर जागरूक समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की। उन्होंने पांवटा साहिब मैदान में फ्लड लाइट लगाने के लिए पांच लाख रुपये और कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर से 14 छात्रों और 12 छात्राओं की टीमों सहित कुल 26 बास्केटबॉल टीमों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। समापन अवसर पर खिलाड़ियों और प्रतियोगिता के आयोजकों को सम्मानित किया गया।
गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल और खालसा स्पोर्ट्स क्लब ने मंत्री यादवेन्द्र गोमा तथा अन्य अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट किए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ और विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान योग प्रस्तुति दी। समारोह में अवनीत सिंह लांबा, खाद्य आपूर्ति निदेशक नसीमा बेगम, हरप्रीत सिंह रत्न, अनिंदर सिंह नौंटी, गुरजीत सैनी, गुरविंदर चावला, परमजीत सिंह बंगा, परवेन्दर सिंह और गुरनाम सिंह बंगा सहित विभिन्न जिलों के बास्केटबॉल संघों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।