Loading...

Himachal Government: किन्नौर में 78.22 करोड़ के विकास कार्यों की समीक्षा, पात्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 50 Mins Ago • 1 Min Read

Himachal Government: किन्नौर में 78 करोड़ 22 लाख रुपये के स्वीकृत बजट से चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की गई। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने अधिकारियों को जनजातीय क्षेत्रों के कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

रिकांग पीओ

जिला स्तरीय परियोजना सलाहकार समिति की बैठक एकीकृत जनजातीय विकास परियोजना के सम्मेलन कक्ष में राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पिछली बैठकों के दौरान जनजातीय सलाहकार और परियोजना सलाहकार सदस्यों की ओर से उठाए गए विषयों पर संबंधित विभागों द्वारा की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। अधिकारियों से जिले में संचालित विकास कार्यों की मौजूदा स्थिति और प्रगति की जानकारी भी ली गई।

चार प्रमुख कार्यक्रमों के लिए बजट स्वीकृत

बैठक में बताया गया कि किन्नौर जिले में 78 करोड़ 22 लाख रुपये की स्वीकृत राशि से विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं। वार्षिक जनजातीय क्षेत्र विकास कार्यक्रम के तहत चालू वित्त वर्ष के लिए 21 करोड़ 27 लाख रुपये और पूंजीगत निवेश के लिए राज्यों को विशेष सहायता योजना की पहली किस्त के रूप में 21 करोड़ 61 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। जीवंत ग्राम कार्यक्रम के तहत 26 करोड़ नौ लाख रुपये और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के लिए नौ करोड़ 25 लाख रुपये स्वीकृत हैं।

Himachal Government: किन्नौर में 78.22 करोड़ के विकास कार्यों की समीक्षा, पात्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश

बॉर्डर एरिया डेवलपमेंट कार्यक्रम के तहत जिले के सीमांत क्षेत्रों में विकास और आधारभूत सुविधाओं से संबंधित कार्य भी किए जा रहे हैं। मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में चल रहे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तय समय में पूरा किया जाए। उन्होंने विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और संबंधित विभागों को नियमित रूप से प्रगति की निगरानी करने के निर्देश दिए। स्थानीय परिस्थितियों और लोगों की आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

पंचायत स्तर पर संयुक्त जागरूकता शिविर लगाने के निर्देश

जगत सिंह नेगी ने बागवानी, कृषि, स्वास्थ्य, पशुपालन और कल्याण विभागों को अपनी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों से पंचायत स्तर पर संयुक्त जागरूकता शिविर आयोजित करने को कहा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को एक ही स्थान पर सरकारी योजनाओं की जानकारी मिल सके। इन शिविरों में पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जरूरी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने और विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा, एकीकृत जनजातीय विकास परियोजना अधिकारी घनश्याम दास, उप अरण्यपाल वन मंडल अरविन्द कुमार, कल्पा के उपमंडलाधिकारी नागरिक प्रवीण भारद्वाज, निचार की उपमंडलाधिकारी नागरिक नेहा नेगी, उप अधीक्षक पुलिस उमेश्वर राणा और परियोजना सलाहकार सदस्य विजेंद्र सिंह नेगी उपस्थित रहे। इनके अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी बैठक में भाग लिया।