Loading...

Himachal Government: शिक्षक दिवस पर 31 शिक्षकों को राज्य स्तरीय पुरस्कार, सरकारी स्कूलों में होगा शिक्षा संवाद

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Himachal Government: शिक्षक दिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश के 31 शिक्षकों को राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। लोक भवन में होने वाले समारोह में राज्यपाल पुरस्कार प्रदान करेंगे। इसी दिन प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में समुदाय की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से शिक्षा संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।

शिमला/शिमला

राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार पाने वालों में सरकारी स्कूलों के 21 और कॉलेजों के पांच शिक्षक शामिल हैं। तकनीकी शिक्षा विभाग के पांच शिक्षकों को भी सम्मान दिया जाएगा। पिछले वर्ष राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्राप्त करने वाले शिक्षक को भी राज्य सरकार राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार से नवाजेगी। शनिवार को आयोजित होने वाले समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर भी उपस्थित रहेंगे।

शिक्षा संवाद के लिए स्कूलों को निर्देश

शिक्षा विभाग ने शिक्षक दिवस पर सभी सरकारी स्कूलों में शिक्षा संवाद आयोजित करने के निर्देश जारी किए हैं। समग्र शिक्षा और राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत होने वाले इस कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन समितियों, अभिभावकों, शिक्षकों और पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ सीधा संवाद किया जाएगा। इसका उद्देश्य समुदाय और अभिभावकों को विद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़ना तथा विद्यार्थियों की शिक्षा और स्कूलों की कार्यप्रणाली पर नियमित चर्चा कायम करना है।

शिक्षा संवाद पूरा होने के बाद प्रत्येक जिले को तीन दिन के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट निदेशालय भेजनी होगी। विभाग ने कार्यक्रम के संचालन के लिए जरूरी दिशा-निर्देश स्कूलों को उपलब्ध करवा दिए हैं। संवाद के दौरान विद्यालय की गतिविधियों, विद्यार्थियों की पढ़ाई और समुदाय की सहभागिता से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी, ताकि स्कूल और अभिभावकों के बीच नियमित समन्वय को बढ़ाया जा सके।

Related Topics: