JOBS / हिमाचल में 428 सरकारी पदों पर भर्ती, हाई कोर्ट में 388 और सचिवालय में 40 पद
JOBS : हिमाचल प्रदेश में युवाओं के लिए कुल 428 सरकारी पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो रही है। हिमाचल हाई कोर्ट ने जिला न्यायपालिका में विभिन्न श्रेणियों के 388 पद भरने की प्रक्रिया शुरू की है, जबकि प्रदेश सचिवालय में क्लर्क जॉब ट्रेनी के 40 पद भरे जाएंगे। दोनों भर्तियों के लिए आवेदन ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे।
जिला न्यायपालिका में भरे जाएंगे 388 पद
हिमाचल हाई कोर्ट की भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 10 अगस्त से शुरू होंगे और अभ्यर्थी 10 सितंबर की रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। भर्ती प्रक्रिया हाई कोर्ट के भर्ती पोर्टल के माध्यम से होगी। इसमें कोर्ट मैनेजर के पांच, क्लर्क के 141, स्टेनोग्राफर ग्रेड-3 के 79, ड्राइवर के नौ, प्रोसेस सर्वर के 65 और चपरासी, ऑर्डरली, चौकीदार तथा सफाई कर्मचारी सहित ग्रुप-डी के 89 पद शामिल हैं। इन पदों में नियमित, अनुबंध और दैनिक वेतनभोगी श्रेणी के पद भी हैं।
योग्यता और चयन प्रक्रिया पद के अनुसार अलग
प्रत्येक पद के लिए अलग शैक्षणिक योग्यता और चयन प्रक्रिया निर्धारित की गई है। क्लर्क और स्टेनोग्राफर पदों के लिए कंप्यूटर दक्षता, टाइपिंग और स्टेनोग्राफी परीक्षा अनिवार्य होगी। अन्य पदों के लिए स्क्रीनिंग टेस्ट, लिखित परीक्षा, ड्राइविंग परीक्षा या दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 450 रुपये और हिमाचल प्रदेश के आरक्षित वर्गों के लिए 300 रुपये निर्धारित किया गया है। अधिकांश पदों के लिए आयु सीमा 18 से 45 वर्ष है, जबकि आरक्षित वर्गों और पात्र सरकारी कर्मचारियों को नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी।
सचिवालय में क्लर्क जॉब ट्रेनी के 40 पद
हिमाचल प्रदेश सचिवालय में क्लर्क जॉब ट्रेनी के 40 पदों की भर्ती राज्य चयन आयोग के पोस्ट कोड 26045 के तहत होगी। आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन के अनुसार ऑनलाइन आवेदन लिंक 14 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे सक्रिय होगा। अभ्यर्थी 11 सितंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। निर्धारित समय सीमा के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। भर्ती अधिसूचना और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।