हिमाचल जल शक्ति विभाग में पैरा पंप ऑपरेटर, फिटर और बहुउद्देशीय कार्यकर्ताओं की भर्ती शुरू
हिमाचल प्रदेश जल शक्ति विभाग ने प्रदेशभर में पेयजल और सिंचाई योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव के लिए पैरा पंप ऑपरेटर, पैरा फिटर और पैरा बहुउद्देशीय कार्यकर्ताओं की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। सभी जल शक्ति मंडलों में इन पदों के लिए ऑफलाइन आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। भर्ती में 18 से 45 वर्ष तक के अभ्यर्थियों को मौका दिया गया है।
बहुउद्देशीय कार्यकर्ता के लिए आठवीं पास योग्यता
पैरा बहुउद्देशीय कार्यकर्ता पद के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता आठवीं पास निर्धारित की गई है। पैरा पंप ऑपरेटर और पैरा फिटर पदों के लिए चयन 10 अंकों के मूल्यांकन के आधार पर होगा। इसमें आठवीं कक्षा के अंकों के आधार पर छह अंक दिए जाएंगे।
तकनीकी क्षमता की होगी जांच
पैरा पंप ऑपरेटर पद के अभ्यर्थियों की पंपों की सामान्य मरम्मत, मोटर और इलेक्ट्रिकल फॉल्ट की पहचान, अलाइनमेंट और वाल्व संचालन से जुड़ी जानकारी जांची जाएगी। पैरा फिटर पद के लिए पाइपलाइन लीकेज ठीक करने, थ्रेडिंग करने और पाइप फिटिंग उपकरणों के संचालन की क्षमता परखी जाएगी।
तीनों पदों के लिए शारीरिक परीक्षण अनिवार्य
पैरा पंप ऑपरेटर, पैरा फिटर और पैरा बहुउद्देशीय कार्यकर्ता पदों के अभ्यर्थियों के लिए शारीरिक परीक्षण अनिवार्य होगा। उम्मीदवार का पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्रों में पाइप तथा उपकरण ले जाने में सक्षम होना जरूरी है।