Loading...

मुख्यमंत्री सुक्खू ने शुरू किया जन संवाद कार्यक्रम, पच्छाद के कार्यकर्ताओं से किया सीधा संवाद

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 10 Hours Ago • 1 Min Read

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला स्थित ओक ओवर से जन संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए पहले चरण में पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय विकास, जनहित और संगठन से जुड़े विभिन्न सुझाव एवं मुद्दे मुख्यमंत्री के समक्ष रखे, जबकि सरकार ने प्राप्त सुझावों पर प्राथमिकता के आधार पर विचार करने और संवाद की प्रक्रिया को नियमित रूप से जारी रखने की बात कही।

राजगढ़

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को शिमला स्थित अपने सरकारी आवास ओक ओवर में जन संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की शुरुआत पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ हुई, जहां मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव और क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार भी मौजूद रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया।मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े प्रत्येक विषय पर सरकार सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य कर रही है और कार्यकर्ताओं से प्राप्त सुझावों को प्राथमिकता के आधार पर देखा जाएगा।

राजगढ़ नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष दिनेश आर्य ने बताया कि जन संवाद कार्यक्रम की शुरुआत पच्छाद विधानसभा क्षेत्र से होना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि इस पहल से कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री के समक्ष सीधे अपने विचार, सुझाव और क्षेत्र की समस्याएं रखने का अवसर मिलेगा, जिससे जनहित के कार्यों को गति मिलेगी।