JBT भर्ती के 72 पदों के लिए आवेदन शुरू, दिव्यांग अभ्यर्थी 22 अगस्त तक करें आवेदन
JBT / प्रदेश के स्कूल शिक्षा निदेशालय ने दिव्यांग श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए जेबीटी (जूनियर बेसिक ट्रेनिंग) के 72 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 22 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। भर्ती के लिए जिला-वार रिक्तियों का रोस्टर और पात्रता संबंधी दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।
शिमला
शिक्षा विभाग की ओर से जारी रोस्टर के अनुसार सबसे अधिक 15 पद मंडी जिले में हैं। इसके अलावा सिरमौर में 11, कांगड़ा में 10, बिलासपुर में 9, सोलन में 8, चंबा और शिमला में 5-5, हमीरपुर में 4, ऊना में 3 तथा किन्नौर और कुल्लू में एक-एक पद रिक्त हैं। लाहौल-स्पीति जिले में इस भर्ती के तहत कोई पद नहीं रखा गया है।
इन योग्यताओं का होना अनिवार्य
भर्ती के लिए अभ्यर्थी का जेबीटी अथवा डीएलएड (डिप्लोमा इन एलिमेंट्री एजुकेशन) उत्तीर्ण होना आवश्यक है। इसके साथ टीईटी (टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट) पास होना भी अनिवार्य रखा गया है। अभ्यर्थी ने मैट्रिक और जमा दो की शिक्षा हिमाचल प्रदेश के किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से प्राप्त की हो। हालांकि, बोनाफाइड हिमाचली अभ्यर्थियों को इस शर्त से छूट प्रदान की गई है।
22 अगस्त तक किए जा सकेंगे आवेदन
शिक्षा विभाग ने पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है। आवेदन प्रक्रिया, जिला-वार रिक्तियों और अन्य दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी अधिसूचना में उपलब्ध करवाई गई है। अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले सभी पात्रता शर्तों और आवश्यक दस्तावेजों की जांच करने की सलाह दी गई है।