हिमाचल पुलिस भर्ती में होमगार्ड जवानों को आयु सीमा में पांच साल की छूट
हिमाचल प्रदेश सरकार ने पुलिस भर्ती में शामिल होने के इच्छुक होमगार्ड जवानों को अधिकतम आयु सीमा में पांच वर्ष की छूट दी है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देश पर होमगार्ड जवानों के लिए अधिकतम आयु सीमा 28 वर्ष से बढ़ाकर 33 वर्ष कर दी गई है। इस फैसले से निर्धारित आयु सीमा पार कर चुके जवानों को भी पुलिस भर्ती में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
शिमला
होमगार्ड जवानों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पुलिस भर्ती की आयु सीमा में राहत देने का आग्रह किया था। लंबे समय से पुलिस में ऐसी भर्ती नहीं होने के कारण कई होमगार्ड जवान निर्धारित अधिकतम आयु सीमा पार कर चुके थे। प्रदेश सरकार ने उनकी मांग पर विचार करते हुए आयु सीमा में पांच वर्ष की छूट देने का निर्णय लिया, ताकि पात्र होमगार्ड जवान पुलिस भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकें।
शिमला के विधायक हरीश जनारथा ने सरकार के इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि होमगार्ड जवान लंबे समय से आयु सीमा में छूट की मांग कर रहे थे। सरकार ने उनकी पुरानी मांग पूरी करते हुए पुलिस भर्ती में भाग लेने का अवसर प्रदान किया है।