Loading...

हिमाचल के सरकारी स्कूलों में प्रार्थना सभा के दौरान 15 मिनट पीटी अनिवार्य

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए सुबह की प्रार्थना सभा में कम से कम 15 मिनट का शारीरिक व्यायाम अनिवार्य किया गया है। प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय, शिमला ने इस संबंध में सभी उपनिदेशकों और स्कूल प्रमुखों को निर्देश भेजे हैं।

व्यायाम और हल्की खेल गतिविधियों के लिए तय होगा समय

निर्देशों के अनुसार प्रार्थना सभा को विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास से जोड़कर संचालित किया जाएगा। प्रतिदिन कम से कम 15 मिनट व्यायाम, स्ट्रेचिंग, पीटी और हल्की खेल गतिविधियों के लिए निर्धारित होंगे। स्कूल क्लस्टर स्तर पर भी विद्यार्थियों को खेल और शारीरिक गतिविधियों में शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं।

हिमाचल के सरकारी स्कूलों में प्रार्थना सभा के दौरान 15 मिनट पीटी अनिवार्य

शारीरिक शिक्षक संभालेंगे पीटी की जिम्मेदारी

जिन स्कूलों में शारीरिक शिक्षक यानी पीईटी या डीपीईटी तैनात हैं, वहां वे इस गतिविधि का संचालन करेंगे। शारीरिक शिक्षक उपलब्ध नहीं होने पर अन्य शिक्षक विद्यार्थियों को व्यायाम कराएंगे। इसके साथ ही प्रत्येक स्कूल में प्रतिदिन खेल गतिविधि का एक पीरियड सुनिश्चित करने और प्राथमिक चिकित्सा संबंधी प्रशिक्षण देने को भी कहा गया है।

प्रार्थना सभा में नैतिक और सकारात्मक संदेश

प्रार्थना सभा में राष्ट्रगान के साथ नैतिक और सकारात्मक संदेश देने वाली प्रार्थनाओं को शामिल किया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और सामूहिक भावना विकसित करना है।