हिमाचल प्रदेश SOS बोर्ड ने 8वीं, 10वीं और जमा दो परीक्षा परिणाम किए घोषित
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने राज्य मुक्त विद्यालय के अंतर्गत मार्च 2026 में आयोजित 8वीं, 10वीं और 12वीं कक्षाओं के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं। अभ्यर्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर अपना परिणाम देख सकते हैं तथा पुनर्मूल्यांकन और री-अपीयर के लिए निर्धारित तिथियों के भीतर आवेदन कर सकेंगे।
धर्मशाला
SOS परीक्षा परिणाम जारी
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा हिमाचल प्रदेश राज्य मुक्त विद्यालय (एसओएस) के अंतर्गत आयोजित मार्च 2026 सत्र की परीक्षाओं का परिणाम सोमवार को घोषित किया गया। घोषित परिणाम के अनुसार कक्षा 8वीं का परीक्षा परिणाम 61.06 प्रतिशत, 10वीं का 54.66 प्रतिशत तथा 12वीं का परीक्षा परिणाम 64.57 प्रतिशत दर्ज किया गया है। बोर्ड की ओर से अभ्यर्थियों को वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन परिणाम उपलब्ध करवाया गया है।
री-अपीयर और इम्प्रूवमेंट आवेदन की तिथियां जारी
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. शर्मा ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों का परिणाम री-अपीयर अथवा पास घोषित हुआ है और जो सितंबर 2026 सत्र के लिए री-अपीयर या इम्प्रूवमेंट परीक्षा में शामिल होना चाहते हैं, वे अपने संबंधित एसओएस अध्ययन केंद्रों के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। बिना विलंब शुल्क आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून 2026 निर्धारित की गई है, जबकि 1000 रुपये विलंब शुल्क सहित आवेदन 1 जुलाई से 13 जुलाई 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे। निर्धारित तिथि के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
पुनर्मूल्यांकन और पुनः निरीक्षण के लिए आवेदन
बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थी पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकते हैं, जबकि कक्षा 8वीं, 10वीं और 12वीं के विद्यार्थी पुनः निरीक्षण हेतु आवेदन करने के पात्र होंगे। आवेदन केवल संबंधित एसओएस अध्ययन केंद्रों के माध्यम से ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे। पुनर्मूल्यांकन के लिए प्रति विषय 1000 रुपये तथा पुनः निरीक्षण के लिए 800 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। आवेदन की अंतिम तिथि 10 जून 2026 तय की गई है।
पुनर्मूल्यांकन के लिए निर्धारित शर्तें
बोर्ड के अनुसार पुनर्मूल्यांकन के लिए संबंधित विषय में न्यूनतम 20 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य रहेगा। पुनर्मूल्यांकन केवल थ्योरी भाग का किया जाएगा तथा इसमें बहुविकल्पीय प्रश्न शामिल नहीं होंगे।