हिमाचल प्रदेश में सुक्खू सरकार का दो साल का कार्यकाल पूरा, विक्रमादित्य सिंह ने दी विभागीय उपलब्धियों की जानकारी
Himachalnow / शिमला
सुक्खू सरकार के दो साल का कार्यकाल
11 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार का दो साल का कार्यकाल पूरा हो जाएगा। इस उपलक्ष्य में बिलासपुर जिला में एक विशेष समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही, पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शिमला में एक पत्रकार वार्ता में अपने विभाग के कार्यों की जानकारी दी और सरकार की दो साल की उपलब्धियों और चुनौतियों का जिक्र किया।
सरकार की उपलब्धियां और चुनौतियां
विक्रमादित्य सिंह ने कहा, “मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार का दो साल का कार्यकाल सफल रहा है। सभी मंत्रियों और विधायकों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में सोच-समझ कर कार्य किया है। इस दौरान सरकार ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं, लेकिन साथ ही कई चुनौतियों का भी सामना किया है। जब हमने सत्ता संभाली, तो सरकार के पास कई वित्तीय देनदारियां थीं और प्रदेश के विकास में अड़चने आ रही थीं। बावजूद इसके, सरकार ने सभी परिस्थितियों का सामना करते हुए विकास की दिशा में काम किया है।”
PMJSY के तहत सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति
विक्रमादित्य सिंह ने विभाग के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि “दुर्गम क्षेत्रों में PMJSY के तहत सड़क निर्माण कार्यों को अगले साल के अंत तक पूरा करने के लिए केंद्र से एक्सटेंशन मांगी गई है। इस संबंध में विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि इन कार्यों को निर्धारित समय सीमा तक पूरा किया जाए। अब किसी भी सड़कों के लिए एक्सटेंशन का सवाल नहीं उठेगा।” उन्होंने कहा कि “दुर्गम इलाकों में काम की परिस्थितियां भिन्न हैं, लेकिन यह विभाग के लिए ऐतिहासिक निर्णय था कि जो ठेकेदार निर्धारित समय में कार्य पूरा नहीं करेंगे, उन्हें भविष्य में काम नहीं दिया जाएगा।”
विभाग की कार्यक्षमता में सुधार
मंत्री ने बताया कि “हमने PWD में ठेकेदारों के काम की गुणवत्ता पर कड़ा ध्यान दिया है। अगर ठेकेदार ने काम पूरा नहीं किया या संतोषजनक नहीं पाया गया तो उसे PMJSY-3 में काम नहीं दिया जाएगा। यह सख्त निर्णय विभाग में सुधार लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम था।”
आगामी बजट और सड़क निर्माण योजनाएं
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि “साल 2024-25 के लिए विभाग को 2,806 करोड़ रुपए का बजट प्राप्त हुआ है। अब तक लोक निर्माण विभाग ने 1,238 करोड़ रुपए खर्च किए हैं। पिछले दो सालों में कांग्रेस सरकार ने 1,370 किलोमीटर नई सड़कों का निर्माण किया है। इसके अलावा, 1,190 किलोमीटर सड़कों पर क्रॉस ड्रेनेज और 1,740 किलोमीटर सड़कों पर टायरिंग का काम किया गया है। शिमला में ट्रैफिक की समस्या से निजात पाने के लिए 880 मीटर लंबी डबल लेन टनल बनाई जा रही है, जिसकी अनुमानित लागत 295 करोड़ रुपए है।”