Loading...

हिमाचल में 25 फीसदी से कम परिणाम देने वाले शिक्षकों की ACR में होगी रेड एंट्री

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 5 Hours Ago • 1 Min Read

हिमाचल प्रदेश में बोर्ड परीक्षाओं में लगातार कमजोर परिणाम देने वाले शिक्षकों के प्रदर्शन की समीक्षा की जाएगी। शिक्षा निदेशालय ने दसवीं और बारहवीं कक्षा के विषयवार परिणामों की जानकारी स्कूल शिक्षा बोर्ड से मांगी है तथा तीन वर्षों के परिणामों के आधार पर ACR से जुड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

शिमला

बोर्ड परीक्षा परिणामों का विभाग करेगा विस्तृत विश्लेषण

हिमाचल प्रदेश में दसवीं और बारहवीं कक्षा के बोर्ड परीक्षा परिणामों को लेकर शिक्षा विभाग ने समीक्षा प्रक्रिया शुरू कर दी है। शिक्षा निदेशालय ने हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से विषयवार परीक्षा परिणामों का विस्तृत रिकॉर्ड मांगा है। विभाग प्राप्त आंकड़ों के आधार पर पिछले तीन वर्षों के परीक्षा परिणामों का विश्लेषण करेगा। इसके बाद उन शिक्षकों की सूची तैयार की जाएगी जिनका परिणाम लगातार 25 फीसदी से कम पाया गया है। विभाग का उद्देश्य विभिन्न स्कूलों और विषयों के परिणामों का तुलनात्मक मूल्यांकन करना है ताकि शैक्षणिक प्रदर्शन की स्थिति स्पष्ट हो सके।

कम परिणाम देने वाले शिक्षकों की ACR में दर्ज होगी रेड एंट्री

जानकारी के अनुसार जिन शिक्षकों का परिणाम लगातार कमजोर रहेगा, उनकी वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट यानी ACR में रेड एंट्री दर्ज की जाएगी। इसके साथ ही उनकी वार्षिक वेतन वृद्धि (इंक्रीमेंट) रोकने और प्रशासनिक स्तर पर अन्य कार्रवाई करने का प्रस्ताव भी तैयार किया जा रहा है। शिक्षा विभाग विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों के स्कूलों के परिणामों की समीक्षा करेगा, जहां इंटरनेट, पुस्तकालय, अतिरिक्त कक्षाएं और अन्य शैक्षणिक सुविधाएं अपेाकृत अधिक उपलब्ध हैं। विभाग का मानना है कि संसाधन उपलब्ध होने के बावजूद यदि परिणाम लगातार कमजोर रहता है तो संबंधित शिक्षकों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए।

तबादलों और जवाबदेही को लेकर भी हो सकता है निर्णय

विभागीय सूत्रों के अनुसार लगातार कमजोर परिणाम देने वाले शिक्षकों के तबादले दुर्गम और ग्रामीण क्षेत्रों में किए जाने पर भी विचार किया जा रहा है। शिक्षा विभाग परिणाम आधारित मूल्यांकन प्रणाली को लागू करने की दिशा में काम कर रहा है, ताकि शिक्षण गुणवत्ता में सुधार लाया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा परिणामों के आधार पर जवाबदेही तय करने से स्कूलों में शैक्षणिक गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

बेहतर प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को मिलेगा प्रोत्साहन

उधर उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले शिक्षकों को सम्मानित और प्रोत्साहित करने की योजना भी विभागीय स्तर पर तैयार की जा रही है। शिक्षा विभाग मेरिट और बेहतर परिणाम देने वाले शिक्षकों के लिए प्रशस्ति पत्र, पुरस्कार और विशेष प्रोत्साहन नीति पर विचार कर रहा है। विभाग का कहना है कि सकारात्मक प्रदर्शन को बढ़ावा देने के साथ-साथ कमजोर परिणामों की समीक्षा से शिक्षा व्यवस्था में संतुलित सुधार लाने का प्रयास किया जाएगा।

Related Topics: