वित्तीय संकट और सीमित संसाधनों के बावजूद हिमाचल देश में तीसरे स्थान पर : रूपेंद्र ठाकुर
एक्सेस इक्विटी इंडेक्स-2026 में प्रदेश का शानदार प्रदर्शन, RDG बंद होने से बढ़ी आर्थिक चुनौती के बीच सुक्खू सरकार की नीतियों को बताया उपलब्धि का आधार
नाहन
हिमाचल दस्तक ब्यूरो नाहन। प्राकृतिक आपदाओं, सीमित आर्थिक संसाधनों और गंभीर वित्तीय चुनौतियों के बावजूद हिमाचल प्रदेश ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान कायम की है। आम नागरिकों तक बुनियादी सुविधाएं और आवश्यक सेवाएं पहुंचाने के मामले में प्रदेश ने एक्सेस इक्विटी इंडेक्स-2026 में देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के दूरदर्शी नेतृत्व और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का प्रमाण है। यह बात हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता रूपेंद्र ठाकुर ने कही।
उन्होंने बताया कि ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर न्यू इकोनॉमिक्स स्टडीज की ओर से जारी रिपोर्ट में 23 श्रेणियों के 60 संकेतकों के आधार पर राज्यों का आकलन किया गया है। इसमें हिमाचल ने 0.06 अंकों का सकारात्मक अंतर दर्ज किया। आंध्र प्रदेश 0.15 अंकों के साथ पहले और केरल 0.07 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा।
रूपेंद्र ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि हिमाचल को एक ओर प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ा, वहीं दूसरी ओर केंद्र सरकार की ओर से मिलने वाला राजस्व घाटा अनुदान (RDG) भी वित्त वर्ष 2026-27 से बंद हो गया है। पिछले वित्त वर्ष में प्रदेश को इस मद में 3,257 करोड़ रुपये मिले थे। इस सहायता के बंद होने से राज्य की आर्थिक चुनौतियां और बढ़ी हैं।
उन्होंने कहा कि इतनी विपरीत परिस्थितियों के बावजूद सुक्खू सरकार ने विकास की रफ्तार थमने नहीं दी। गरीबों, किसानों, मजदूरों और दुग्ध उत्पादकों के कल्याण के लिए योजनाएं लागू की गई हैं। सरकार की प्राथमिकता उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर समाज के प्रत्येक वर्ग तक शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है।
रूपेंद्र ठाकुर ने इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री, मंत्रिमंडल और प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि हिमाचल आने वाले समय में भी विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में नई मिसाल कायम करेगा।