कांग्रेस राज में हिमाचल बनता जा रहा क्राइम कैपिटल, लगातार हत्याओं से दहशत में जनता : बिंदल
प्रदेश में कानून-व्यवस्था चरमराने का आरोप, अपराधियों के हौसले बुलंद होने पर सुक्खू सरकार को घेरा
नाहन
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रदेश में लगातार सामने आ रही हत्या, गोलीबारी और अन्य आपराधिक घटनाओं को लेकर कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश की कानून-व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है और शांतिप्रिय हिमाचल अब अपराधियों की बढ़ती गतिविधियों के चलते क्राइम कैपिटल बनता जा रहा है। लगातार हो रही आपराधिक वारदातों से आम जनता में भय और असुरक्षा का माहौल है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि पिछले चार-पांच दिनों में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में सामने आई आपराधिक घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। थार गाड़ी से कुचलकर दो लोगों की हत्या किए जाने की घटना और नालागढ़ में सरेआम गोलीबारी ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि अपराधियों के मन से कानून और पुलिस का भय समाप्त होता जा रहा है।
उन्होंने विशेष रूप से जिला सिरमौर में सामने आई घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि नाहन-कुमारहट्टी मार्ग पर महिला का शव मिलने और इसके बाद शिलाई क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार युवक की हत्या की घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। शिलाई की घटना में युवक के सिर पर गोली मारे जाने की आशंका है, हालांकि वास्तविक परिस्थितियां पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होंगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि चंबा से सिरमौर और ऊना से किन्नौर तक आपराधिक घटनाओं का सिलसिला प्रदेश की शांतिपूर्ण पहचान को प्रभावित कर रहा है। दलित युवक की हत्या जैसी गंभीर घटनाओं के बावजूद अपराधों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के बढ़ते हौसले और कथित माफिया गतिविधियां सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही हैं।
डॉ. बिंदल ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से कानून-व्यवस्था की स्थिति पर जवाब देने की मांग करते हुए कहा कि सरकार का पहला दायित्व आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध करवाना है। उन्होंने प्रदेश सरकार से सभी गंभीर आपराधिक मामलों की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच करवाने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा पुलिस व्यवस्था को और मजबूत बनाने की मांग की।