Loading...

Himachal Weather Update: हिमाचल प्रदेश में ठंडक बढ़ी, बिलासपुर, सुंदरनगर, मंडी और शिमला में कोहरा छाया

PARUL • 8 Nov 2024 • 1 Min Read

Himachalnow / शिमला

Himachal Weather Update: हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट ली है और राज्य में ठंडक बढ़ने के साथ ही विभिन्न इलाकों में कोहरे की चादर छा गई है। पिछले कुछ दिनों से राज्य के निचले इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंड का अहसास अधिक हो रहा है

प्रदेश में वीरवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 डिग्री तक तापमान में कमी दर्ज हुई। बुधवार रात को ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 1.7 और कुकुमसेरी में माइनस 0.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

बीते दिनों हिमाचल में रिकॉर्डतोड़ पारे के बाद अब धूप में गर्माहट कम होना शुरू हो गई है। वीरवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में तीन डिग्री तक तापमान में कमी दर्ज हुई। सिर्फ ऊना का पारा अभी 30 डिग्री से अधिक है। शेष जिलों में पारा कम हो गया है।

ताबो के बाद अब कुकुमसेरी का न्यूनतम तापमान भी माइनस में पहुंच गया है। कल्पा व केलांग के पारे में भी कमी आई है। 11 नवंबर को प्रदेश के मध्य और उच्च पर्वतीय आठ जिलों किन्नौर, लाहौल-स्पीति, शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं।

कोहरे के कारण सड़क मार्गों पर यात्रा करते समय वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इस दौरान वाहन की गति कम रखें और कोहरे में अतिरिक्त ध्यान रखें। हिमाचल प्रदेश में इस समय सर्दी की शुरुआत हो चुकी है और आने वाले दिनों में मौसम और सर्द हो सकता है।