Loading...

एनएच-707 पर जमा 7,650 मीट्रिक टन खनिज सामग्री की 17 नवंबर को होगी नीलामी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 9 Hours Ago • 1 Min Read

Landslide / एनएच-707 पर बड़वास-चौकी मिरगवाल सड़क के किलोमीटर 0/00 पर भूस्खलन से जमा लगभग 7,650 मीट्रिक टन मलबे और खनिज सामग्री की नीलामी 17 नवंबर, 2026 को होगी। नीलामी दोपहर 12:30 बजे तहसीलदार कमरऊ के कार्यालय में आयोजित की जाएगी। इसके लिए कुल आरक्षित राशि 20,65,500 रुपये निर्धारित की गई है।

सिरमौर/नाहन

जिला खनन अधिकारी के अनुसार यह स्थान लोक निर्माण विभाग मंडल शिलाई के अंतर्गत आता है। नीलामी में भाग लेने के इच्छुक लोग निर्धारित तिथि से पहले संबंधित सड़क स्थल पर जाकर उपलब्ध खनिज सामग्री का जायजा ले सकते हैं। इसके बाद वे निर्धारित समय और स्थान पर उपस्थित होकर नीलामी प्रक्रिया में हिस्सा ले सकेंगे। प्रत्येक बोलीदाता को नीलामी में भाग लेने के लिए 10 हजार रुपये की सुरक्षा राशि जमा करवानी होगी, जिसे नीलामी के बाद वापस कर दिया जाएगा।

सफल बोलीदाता के लिए भुगतान की शर्तें

नीलामी में सफल रहने वाले बोलीदाता को कुल बोली राशि का 25 प्रतिशत तुरंत जमा करवाना होगा। शेष राशि नीलामी की तारीख से एक महीने के भीतर जमा करनी होगी। निर्धारित अवधि में पूरी रकम जमा नहीं करवाने पर पहले से जमा राशि जब्त कर ली जाएगी। सफल बोलीदाता को तय समयसीमा के भीतर संबंधित स्थल से पूरी खनिज सामग्री उठानी होगी।

बोली की राशि में रॉयल्टी शामिल रहेगी, जबकि टीसीएस का भुगतान अलग से करना होगा। संबंधित अधीनस्थ अधिकारी के पास बिना कोई कारण बताए नीलामी निरस्त करने का अधिकार रहेगा। इसके अतिरिक्त नीलामी से जुड़ी अन्य सभी शर्तें निर्धारित नियमों के अनुसार लागू होंगी। इच्छुक बोलीदाता सामग्री का निरीक्षण करने के बाद ही तय प्रक्रिया के तहत बोली में शामिल हो सकते हैं।

Related Topics: •