HPV Vaccine / बिलासपुर में एचपीवी टीकाकरण अभियान की प्रगति, 2735 में से 1100 किशोरियों को लगाई गई वैक्सीन
HPV Vaccine : जिला बिलासपुर में एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक 2735 लक्षित किशोरियों में से लगभग 1100 का टीकाकरण किया जा चुका है। जिला प्रशासन के अनुसार यह उपलब्धि प्रदेश के औसत टीकाकरण कवरेज से अधिक है तथा अभियान को विद्यालयों और समुदाय स्तर पर निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है।
बिलासपुर
1100 किशोरियों का हुआ टीकाकरण
जिला बिलासपुर में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के उद्देश्य से चलाए जा रहे ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान में अब तक 2735 के निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले लगभग 1100 किशोरियों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। यह कुल लक्ष्य का करीब 40 प्रतिशत है। जिला प्रशासन के अनुसार यह उपलब्धि प्रदेश के औसत टीकाकरण कवरेज 36 प्रतिशत से अधिक है। अभियान के तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की पात्र किशोरियों को टीका लगाया जा रहा है और इसे विद्यालयों तथा समुदाय स्तर पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन संयुक्त रूप से चला रहे अभियान
उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयासों से टीकाकरण अभियान को नियमित रूप से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एचपीवी वैक्सीन वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित, सुरक्षित और पात्र किशोरियों को नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। अभियान के दौरान विद्यालयों में छात्राओं और अभिभावकों को टीकाकरण से संबंधित जानकारी दी जा रही है, ताकि निर्धारित आयु वर्ग की अधिक से अधिक किशोरियों को समय पर टीका लगाया जा सके। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शशि दत्त शर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार जागरूकता गतिविधियां चला रही हैं और टीकाकरण कवरेज बढ़ाने के लिए फील्ड स्तर पर कार्य किया जा रहा है।
सर्वाइकल कैंसर से बचाव का प्रभावी माध्यम
उपायुक्त के अनुसार एचपीवी संक्रमण महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण माना जाता है और समय पर टीकाकरण इसे रोकने का एक प्रभावी उपाय है। उन्होंने बताया कि विभिन्न वैज्ञानिक अध्ययनों में एचपीवी वैक्सीन को सुरक्षित और प्रभावी पाया गया है। कई देशों में इसके उपयोग से सर्वाइकल कैंसर के मामलों और मृत्यु दर में कमी दर्ज की गई है। जिला प्रशासन ने कहा कि अभियान का उद्देश्य निर्धारित आयु वर्ग की सभी पात्र किशोरियों तक टीका पहुंचाना है, ताकि उन्हें भविष्य में इस बीमारी से बचाव मिल सके।
अभिभावकों से सहयोग की अपील
उपायुक्त राहुल कुमार ने जिला के अभिभावकों, शिक्षकों और अन्य नागरिकों से अपील की कि वे 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की पात्र किशोरियों का समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि टीकाकरण से संबंधित जानकारी केवल स्वास्थ्य विभाग के आधिकारिक स्रोतों से ही प्राप्त की जाए और किसी भी अपुष्ट सूचना पर भरोसा न किया जाए। जिला प्रशासन के अनुसार अभियान को निर्धारित लक्ष्य तक पहुंचाने के लिए विद्यालयों, स्वास्थ्य संस्थानों और समुदाय स्तर पर समन्वित प्रयास जारी रहेंगे।