Loading...

IARI / चौआर की सूर्यागनी ठाकुर ने स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा में हासिल की ऑल इंडिया रैंक-4

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

IARI / चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के गांव चौआर की सूर्यागनी ठाकुर ने भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, नई दिल्ली की स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक-4 हासिल की है। इस उपलब्धि पर स्वामी विवेकानंद सेवा ट्रस्ट चिंतपूर्णी के अध्यक्ष गौरव कुमार ने उनके घर पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

गौरव कुमार ने कहा कि सूर्यागनी ठाकुर की सफलता उनकी कड़ी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। शिक्षा के क्षेत्र में क्षेत्र की बेटियों का नई ऊंचाइयां हासिल करना पूरे समाज के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि सूर्यागनी ने अपनी प्रतिभा और परिश्रम से साबित किया है कि लक्ष्य के प्रति समर्पण और आगे बढ़ने का जज्बा हो तो कठिन मंजिल भी हासिल की जा सकती है। उनकी यह उपलब्धि विद्यार्थियों और विशेष रूप से बेटियों को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने की प्रेरणा देगी।

युवाओं को प्रोत्साहित करने पर जोर

उन्होंने कहा कि समाज को प्रतिभाशाली युवाओं की उपलब्धियों को पहचानकर उनका उत्साहवर्धन करना चाहिए। स्वामी विवेकानंद सेवा ट्रस्ट चिंतपूर्णी का उद्देश्य युवाओं को शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। क्षेत्र की प्रतिभाओं को सम्मानित करना भी इसी दिशा में उठाया गया कदम है, ताकि युवाओं का आत्मविश्वास बढ़े और वे अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित हों। गौरव कुमार ने विश्वास जताया कि सूर्यागनी भविष्य में भी अपनी मेहनत और प्रतिभा से नई उपलब्धियां हासिल करेंगी।

इस अवसर पर सूर्यागनी ठाकुर के परिवार को भी बधाई और शुभकामनाएं दी गईं। ट्रस्ट की ओर से कहा गया कि उनकी सफलता से परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र का मान बढ़ा है। सूर्यागनी की उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है और इसे अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया गया। स्वामी विवेकानंद सेवा ट्रस्ट ने उन्हें आगे की शिक्षा और भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए निरंतर सफलता की कामना की।

Related Topics: •