ऊना में 220 मेगावाट बिजली उत्पादन का लक्ष्य, 75 मेगावाट के सौर संयंत्र स्थापित
ऊना जिले में लगभग 220 मेगावाट बिजली उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है, जबकि सौर ऊर्जा से बिजली उत्पादन बढ़ाने के लिए 75 मेगावाट क्षमता के संयंत्र स्थापित करने में सफलता मिली है। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने यह जानकारी हरोली विधानसभा क्षेत्र के खड्ड में विद्युत परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण के दौरान दी। उन्होंने कहा कि जिले में बिजली उत्पादन और विद्युत आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए कई परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल
उप मुख्यमंत्री ने खड्ड में 5.79 करोड़ रुपये की लागत से 33 केवी विद्युत उपकेंद्र के आधुनिकीकरण एवं उन्नयन कार्य का शिलान्यास किया। इस परियोजना के पूरा होने पर क्षेत्र की लगभग 14 पंचायतों के 15 हजार लोगों को बिजली की अघोषित कटौती से राहत मिलने की उम्मीद है। काम को अगली गर्मियों से पहले पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। उन्होंने 37.48 लाख रुपये की लागत से बने विद्युत उपमंडल खड्ड के भवन का लोकार्पण भी किया।
तीन स्थानों पर बन रहे 220 केवी विद्युत उपकेंद्र
मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि ऊना जिले में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए बाथू, बीत और पेखूबेला में तीन 220 केवी विद्युत उपकेंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। इन उपकेंद्रों से भविष्य में जिले की विद्युत जरूरतों को पूरा करने और आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में अब तक 1,400 बिजली के खंभे लगाए जा चुके हैं। उन्होंने विद्युत क्षेत्र में चल रहे कार्यों के लिए विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की सराहना की।

चंदपुर-ललड़ी पुल पर खर्च होंगे 3.82 करोड़ रुपये
उप मुख्यमंत्री ने चंदपुर खड्ड पर 3.82 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 60 मीटर लंबे चंदपुर-ललड़ी पुल का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि पुल बनने से स्थानीय लोगों के आवागमन में सुविधा होगी और क्षेत्र की संपर्क व्यवस्था बेहतर होगी। हरोली विधानसभा क्षेत्र में इस समय 18 पुलों का निर्माण चल रहा है। पंडोगा से त्यूड़ी के बीच बन रहे पुल को भी जल्द पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं। संपर्क मार्गों के मिसिंग लिंक जोड़ने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव रणजीत राणा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हरोली के अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री, ग्राम पंचायत भैणी खड्ड की प्रधान बंदना कुमारी, ग्राम पंचायत खड्ड की प्रधान उर्मिला, ग्राम पंचायत लोअर पंजाबर के प्रधान प्रमोद, अधिवक्ता वीरेंद्र मनकोटिया और विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता दर्शन सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। इससे पहले मुकेश अग्निहोत्री ऊना के देव हाउस, टक्का रोड में अपने ओएसडी विक्रांत सिंह ठाकुर की माता आशा रानी की धर्म शांति एवं रस्म पगड़ी में शामिल हुए और परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।