JOBS / भटियात और डलहौजी में आंगनबाड़ी के 64 पदों पर भर्ती, 2 सितंबर तक आवेदन
JOBS / चंबा जिले के भटियात और डलहौजी उपमंडलों के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यकर्ता और सहायिका के कुल 64 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। बाल विकास परियोजना अधिकारी चुवाड़ी धर्मवीर के अनुसार पात्र महिला उम्मीदवार 2 सितंबर 2026 तक बाल विकास परियोजना अधिकारी चुवाड़ी के कार्यालय में आवेदन जमा कर सकती हैं।
चंबा
भटियात उपमंडल के आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यकर्ता के 10 और सहायिका के 28 पद रिक्त हैं। इसके अतिरिक्त आंगनबाड़ी केंद्र 2/4 बकलोह कैंट में एक कैच कार्यकर्ता और एक कैच सहायिका का पद सृजित किया गया है। डलहौजी उपमंडल के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यकर्ता के छह और सहायिका के 19 रिक्त पदों के लिए भी पात्र महिलाओं से आवेदन मांगे गए हैं।
इन केंद्रों में कार्यकर्ता के पद
आंगनबाड़ी केंद्र साहला, काथला, धामग्राम, मतिहार, बनोली, पुखरेख, दुआली, चलाहड़ी, डलहौजी क्लब, पारला मेल, कॉलोनी, कनियाड़का, कल्लर, समलेउ, कुट और महतोली में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। संबंधित केंद्र के लाभान्वित सर्वे क्षेत्र या फीडिंग एरिया में सामान्य रूप से रहने वाले परिवार से संबंध रखने वाली पात्र महिला ही आवेदन कर सकती है।
सहायिका पदों वाले आंगनबाड़ी केंद्र
सहायिका पदों के लिए कलहेतर, बनोली, कथयाड़ी, छोंटलू, नरवाड़ी, नहींनाल, 2/4 बकलोह कैंट, धारणा, खरेड़ा, मुराड़ी, बलेरा बासा, गोरत, साहला, द्रमण, अंगरेड़, छांव, पुरखड़ा, अनाई, मैहली, तलारा, गुदवाना, कुठारा, जाम्बल, नैनीखड्ड, जतरून, मिहाल, ललहेड़, मीहणू, कैहल, वैली, संजय, कुन्ना, अपर गुनियाला, भोटन और सुकड़ाई बाई आंगनबाड़ी केंद्रों में आवेदन मांगे गए हैं।
इसके अलावा कल्लर, बस स्टैंड, खडान्दर, छाणा, भरेरा, फरोली, कुट पंचायत वलेरा, रूलयाणी, मोतीटिव्यां, चकरा, भटेड और समोट आंगनबाड़ी केंद्रों में भी सहायिका पदों के लिए आवेदन किए जा सकते हैं। आंगनबाड़ी केंद्र 2/4 बकलोह कैंट में कैच कार्यकर्ता और कैच सहायिका के पद के लिए भी आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
आयु, शिक्षा और आय की शर्तें
आवेदन की अंतिम तिथि को उम्मीदवार की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या बोर्ड से जमा दो उत्तीर्ण होना आवश्यक है। परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। वित्तीय वर्ष 2026-27 का आय प्रमाणपत्र मान्य होगा, जिसे नायब तहसीलदार, तहसीलदार या कार्यकारी मजिस्ट्रेट ने जारी एवं प्रतिहस्ताक्षरित किया हो।
उच्च शैक्षणिक योग्यता, दिव्यांगता, स्टेट होम या बालिका आश्रम की इनमेट, अनाथ, विधवा, निराश्रित, तलाकशुदा और परित्यक्ता उम्मीदवारों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे। जिन आवेदकों के पति पिछले सात वर्षों से लापता हैं तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों को भी नियमानुसार अतिरिक्त अंक मिलेंगे। इसके लिए सक्षम अधिकारी द्वारा जारी संबंधित प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा।
दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार की तारीख
भटियात उपमंडल के अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन और साक्षात्कार 8 सितंबर 2026 को बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय चुवाड़ी में होगा। डलहौजी उपमंडल के अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन और साक्षात्कार 11 सितंबर 2026 को उपमंडलाधिकारी कार्यालय डलहौजी में किया जाएगा। इसके लिए अलग से सूचना जारी नहीं होगी। अधिक जानकारी संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, वृत्त पर्यवेक्षक या बाल विकास परियोजना अधिकारी चुवाड़ी के कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।