24 से 31 दिसंबर तक धर्मशाला में सजेगा कांगड़ा कार्निवल-2026, संस्कृति और स्थानीय उत्पाद होंगे केंद्र में
कांगड़ा कार्निवल-2026 का आयोजन 24 से 31 दिसंबर तक धर्मशाला के पुलिस मैदान में किया जाएगा। आठ दिवसीय आयोजन में कांगड़ा की संस्कृति, परंपराओं, स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक व्यंजनों को प्रमुखता दी जाएगी। कार्निवल में खेल प्रतियोगिताओं, साहित्य उत्सव, लाइट एंड साउंड शो और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने और बेचने का अवसर भी मिलेगा।
धर्मशाला
कार्निवल की तैयारियों को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। इसमें पेयजल, अग्निशमन, बिजली, स्वच्छता, शोभायात्रा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। आयोजन के लिए अलग-अलग समितियों के गठन और उनकी जिम्मेदारियों पर भी विचार-विमर्श किया गया। अतिरिक्त उपायुक्त ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए।
खेल और सांस्कृतिक गतिविधियां होंगी आयोजित
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि कांगड़ा वैली कार्निवल के दौरान मैराथन, साइक्लिंग, फुटबॉल और क्रिकेट प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त मिस एवं मिसेज कार्निवल, शेफ टूर्नामेंट, लिटरेचर फेस्टिवल और लाइट एंड साउंड शो भी आयोजन का हिस्सा होंगे। नशे के खिलाफ जागरूकता के उद्देश्य से एंटी चिट्टा थीम पर नुक्कड़ नाटक का मंचन किया जाएगा। अधिकारियों को प्रत्येक गतिविधि में कांगड़ा की विरासत और स्थानीय पहचान को प्राथमिकता देने के लिए कहा गया है।
स्वयं सहायता समूहों को मिलेगा बिक्री का अवसर
कार्निवल में जिले के स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। इन समूहों को स्थानीय उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए मंच उपलब्ध कराया जाएगा। कांगड़ा के पारंपरिक एवं स्थानीय व्यंजनों को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी, ताकि आगंतुक जिले के खान-पान और उत्पादों से परिचित हो सकें। बैठक में एसडीएम धर्मशाला मोहित रत्न, डीडीओ ग्रामीण विकास अभिनीत कात्यायन और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।