Loading...

Kangra / राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे से पहले कांगड़ा में ड्रोन, पैराग्लाइडिंग और हवाई गतिविधियों पर प्रतिबंध

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Himachalnow / कांगड़ा

Kangra : नेता विपक्ष (लोकसभा) राहुल गांधी के प्रस्तावित कांगड़ा दौरे को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर विशेष प्रतिबंध लागू किए हैं। 30 अप्रैल 2026 को कांगड़ा, धर्मशाला और शाहपुर उपमंडलों की सीमाओं के भीतर सभी प्रकार की हवाई गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है।

धारा 163 के तहत जारी किए गए आदेश

जिला दंडाधिकारी कांगड़ा हेमराज बैरवा ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत यह आदेश जारी किए हैं। इसके तहत पैराग्लाइडिंग, ड्रोन उड़ान, हॉट एयर बैलूनिंग सहित सभी प्रकार की एयरो स्पोर्ट्स गतिविधियां प्रतिबंधित रहेंगी। यह कदम वीवीआईपी मूवमेंट और सुरक्षा प्रबंधों को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।

वीवीआईपी मूवमेंट को लेकर बढ़ाई गई सतर्कता

प्रशासन के अनुसार प्रस्तावित दौरे के दौरान मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों और अन्य विशिष्ट अतिथियों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में किसी भी प्रकार की हवाई गतिविधि सुरक्षा के लिए चुनौती बन सकती है। इसी कारण एहतियात के तौर पर यह प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।

सुरक्षा एजेंसियों को मिली विशेष छूट

आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि जिला पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को निगरानी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्रोन या अन्य उपकरणों के उपयोग की अनुमति रहेगी। हालांकि इसके लिए पुलिस अधीक्षक कांगड़ा के माध्यम से जिला प्रशासन को पूर्व सूचना देना अनिवार्य होगा।

पालमपुर और बैजनाथ में भी रहेगा प्रतिबंध

इसके अतिरिक्त महामहिम राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए 30 अप्रैल 2026 को सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक पालमपुर और बैजनाथ उपमंडलों में भी सभी प्रकार की हवाई गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लागू रहेगा। प्रशासन ने इसे सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक कदम बताया है।

Related Topics: