Loading...

कांगड़ा में एससी-एसटी अत्याचार के 89 मामलों की समीक्षा, समयबद्ध निपटारे के निर्देश

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

कांगड़ा जिले में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार से संबंधित 89 मामलों की समीक्षा की गई। अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार ने अधिकारियों को इन मामलों की तफ्तीश पूरी कर समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने और पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

धर्मशाला

उपायुक्त कार्यालय में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम 1989 और नियम 1995 के तहत गठित जिला स्तरीय सतर्कता एवं प्रबोधन समिति की बैठक आयोजित हुई। अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि न्याय में देरी न्याय न मिलने के समान है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सभी मामलों की जांच और निपटारे में तेजी लाने तथा अधिनियम के प्रावधानों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में जिला न्यायालयों में लंबित मामलों के साथ पुलिस विभाग में दर्ज और लंबित मामलों की वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान कुल 89 मामलों की समीक्षा हुई। बैठक में जिला कल्याण अधिकारी साहिल मांडला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.पी. जसवाल, जिला रेडक्रॉस के सचिव ओम प्रकाश शर्मा, जिला अटॉर्नी एन.एस. चौहान, डीआईईटी से वीना सिंह और गैर सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।