Loading...

मोंटी की जीत का मिला बड़ा सियासी इनाम, नाहन शहर कांग्रेस की कमान सौंपी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 1 Hour Ago • 1 Min Read

नगर परिषद चुनाव में भाजपा के मजबूत गढ़ माने जाने वाले वार्ड में जीत दर्ज करने के बाद कपिल गर्ग उर्फ मोंटी का राजनीतिक कद और बढ़ गया है। 2027 विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस ने उन्हें नाहन शहर कांग्रेस अध्यक्ष बनाकर बड़ा सियासी संदेश देने की कोशिश की है।

नाहन

नगर परिषद चुनाव में वार्ड नंबर-1 से दर्ज की गई दमदार जीत ने अब कपिल गर्ग उर्फ मोंटी का सियासी कद और बढ़ा दिया है। कांग्रेस से जुड़े और विधायक अजय सोलंकी के करीबी माने जाने वाले कपिल गर्ग उर्फ मोंटी को अब 2027 विधानसभा चुनावों के मद्देनजर नाहन शहर कांग्रेस की बड़ी जिम्मेदारी सौंप दी गई है। विधायक अजय सोलंकी ने स्वयं चुनाव प्रचार कार्यक्रम के दौरान इसकी घोषणा करते हुए उन्हें शहर कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त करने का ऐलान किया।राजनीतिक गलियारों में इस नियुक्ति को महज संगठनात्मक बदलाव नहीं बल्कि आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस की रणनीतिक चाल के तौर पर देखा जा रहा है। नगर परिषद चुनाव में मोंटी की जीत को कांग्रेस के लिए मनोवैज्ञानिक बढ़त माना गया था और अब उसी प्रदर्शन को पार्टी संगठन में भी अहम भूमिका देकर आगे बढ़ाने की कोशिश दिखाई दे रही है।

दिलचस्प बात यह रही कि कपिल गर्ग उर्फ मोंटी अपने मूल वार्ड से चुनाव मैदान में नहीं उतरे थे। दूसरी ओर भाजपा की तरफ से शुभम सैनी भी दूसरे वार्ड से चुनाव लड़ रहे थे। इस चुनाव को राजनीतिक रूप से दो नेताओं की प्रतिष्ठा से जोड़कर देखा जा रहा था। एक तरफ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल का प्रभाव माना जा रहा था तो दूसरी ओर विधायक अजय सोलंकी का सियासी वजन मैदान में था। कड़े मुकाबले के बीच मोंटी ने शुभम सैनी को 280 मतों से पीछे छोड़ते हुए बड़ी जीत दर्ज की।यह परिणाम इसलिए भी चर्चा में रहा क्योंकि संबंधित वार्ड को भाजपा का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। लंबे समय से इस क्षेत्र में भाजपा का प्रभाव रहा है। पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष श्याम पुंडीर का संबंध भी इसी वार्ड से माना जाता है। राजनीतिक जानकारों की मानें तो इस वार्ड का समीकरण हमेशा भाजपा के पक्ष में मजबूत माना जाता रहा, लेकिन इस बार तस्वीर बदल गई।

चुनाव के दौरान कपिल गर्ग पर कई तरह के आरोप लगाकर राजनीतिक घेराबंदी की कोशिश भी हुई। शराब वितरण जैसे आरोपों के जरिए उनकी छवि को प्रभावित करने के प्रयास भी चर्चा में रहे, लेकिन चुनाव परिणाम ने अलग कहानी पेश की। स्थानीय स्तर पर लोगों के बीच उनकी सक्रियता, व्यक्तिगत संपर्क और विधायक अजय सोलंकी के साथ उनकी नजदीकियों को उनकी जीत के प्रमुख कारणों में माना जा रहा है।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने पर कपिल गर्ग उर्फ मोंटी ने विधायक अजय सोलंकी, प्रदेश सरकार और वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, “पार्टी ने जो विश्वास मुझ पर जताया है, वह मेरे लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। विधायक अजय सोलंकी के नेतृत्व में मुझे लगातार मार्गदर्शन और सहयोग मिला है। मैं पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने और संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करूंगा। मैं शहर के सभी मतदाताओं और उन लोगों का भी आभार व्यक्त करता हूं जिन्होंने मुझ पर विश्वास जताया। यह किसी एक व्यक्ति की नहीं बल्कि पूरे शहर की जीत है। आने वाले समय में लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरना मेरी प्राथमिकता रहेगी।”

Related Topics: