Loading...

कोलर में दुकानदार पर जानलेवा हमला, हरियाणा का एक आरोपी गिरफ्तार

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 1 Hour Ago • 1 Min Read

कोलर में दुकानदार और उसके परिजनों पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने हरियाणा के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी भी जब्त कर ली है। घायलों का उपचार मेडिकल कॉलेज नाहन में जारी है जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

नाहन

नाहन-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे-07 पर स्थित कोलर में दुकानदार और उसके परिजनों पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हरियाणा के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी भी जब्त कर ली है।जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात माजरा थाना क्षेत्र के कोलर गांव में हरियाणा से आए कुछ लोगों ने दुकानदार विशाल, उसके पिता राजेंद्र और कजन प्रवीण पर तेजधार हथियारों व डंडों से हमला कर दिया। हमले में तीनों घायल हो गए, जिनका उपचार डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन में चल रहा है।

बताया जा रहा है कि दो दिन पहले तेज रफ्तार ट्रालों की चपेट में आने से बाल-बाल बचे दुकानदार और ट्राला चालक के बीच कहासुनी हुई थी। इसी विवाद को हमले की वजह माना जा रहा है।घटना का वीडियो दुकानदार के सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुआ है। वीडियो में स्कॉर्पियो से उतरे चार से पांच लोग दुकानदार और उसके परिजनों पर डंडों व तेजधार हथियारों से हमला करते नजर आ रहे हैं।घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे जाम कर दिया। सूचना मिलते ही माजरा पुलिस और डीएसपी पांवटा साहिब मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों को समझाकर करीब एक घंटे बाद यातायात बहाल करवाया।

पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपक कुमार पुत्र सुलेख कुमार निवासी अल्लापुर, तहसील बराड़ा, जिला अंबाला हरियाणा को देर रात गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को मंगलवार दोपहर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 16 मई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।पुलिस अब रिमांड के दौरान यह पता लगाने में जुटी है कि हमला किसके कहने पर किया गया और इसके पीछे आरोपियों की क्या मंशा थी। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने एक आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

इस बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल देर रात मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। मीडिया से बातचीत में उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में गुंडाराज जैसी स्थिति बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना नंबर प्लेट और दस्तावेजों वाले ट्राले खुलेआम चल रहे हैं तथा मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की।


Related Topics: