NDPS / कसोल और भुंतर में सिंथैटिक ड्रग्स व हैरोइन बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार
NDPS : कुल्लू जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मेथ, एमडीएमए, एलएसडी, चरस और हैरोइन बरामद कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज किए हैं।
कुल्लू
कसोल के होटल में पुलिस की छापेमारी
जिला कुल्लू में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने मणिकर्ण और भुंतर क्षेत्र में दो अलग-अलग कार्रवाइयों को अंजाम दिया। पहले मामले में मणिकर्ण पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कसोल स्थित एक होटल में कुछ युवक नशीले पदार्थों के साथ मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने होटल परिसर में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया और मौके पर तलाशी ली।
मेथ, एमडीएमए, एलएसडी और चरस बरामद
पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान विरेन्द्र सिंह उर्फ विरेन (27) निवासी बदेहड़, पालमपुर जिला कांगड़ा और विवेक शर्मा (26) निवासी कोटला, घुमारवीं जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 31.97 ग्राम मेथ, 0.42 ग्राम एमडीएमए, 0.25 ग्राम एलएसडी पेपर स्ट्रिप्स और 12.23 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना मणिकर्ण में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20, 22 और 29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
भुंतर में अस्पताल परिसर से एक आरोपी गिरफ्तार
दूसरे मामले में भुंतर थाना पुलिस की टीम गश्त पर मौजूद थी। इस दौरान सिविल अस्पताल तेगुबेहड़ परिसर में निर्माणाधीन अस्पताल साइट के पास एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से 8 ग्राम हैरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान जोगिन्द्र सिंह (36) निवासी गांव पिपलागे, भुंतर जिला कुल्लू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
सप्लाई नेटवर्क को लेकर पुलिस की जांच जारी
इन दोनों मामलों की पुष्टि करते हुए एसपी कुल्लू मदन लाल ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद नशीले पदार्थ कहां से लाए गए थे और इनके सप्लाई नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
