कुल्लू के मलाणा क्षेत्र में लापता दिल्ली निवासी युवक का शव नाले से बरामद
कुल्लू जिले की पार्वती घाटी में घूमने आए दिल्ली निवासी 24 वर्षीय युवक का शव मलाणा क्षेत्र के एक नाले से बरामद किया गया है। युवक पिछले कई दिनों से लापता था और पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
कुल्लू
दोस्तों के साथ घूमने आया था युवक
जानकारी के अनुसार मृतक युवक की पहचान मोहित चौधरी (24) पुत्र कमल सिंह निवासी सदर बाजार, दिल्ली के रूप में हुई है। बताया गया कि मोहित 7 मई को अपने दोस्तों के साथ कुल्लू जिले के मलाणा क्षेत्र में घूमने आया था। 10 मई को युवक और उसके दोस्त वाइचिन घाटी स्थित एक कैफे में ठहरे हुए थे। इसी दौरान युवक ने अपने साथियों को बताया कि वह बाहर से कुछ सामान लेने जा रहा है। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटा तो उसके दोस्तों ने आसपास तलाश शुरू की।
मोबाइल बंद मिलने के बाद पुलिस को दी सूचना
दोस्तों द्वारा युवक से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला। अपने स्तर पर तलाश करने के बाद जब युवक का कोई पता नहीं चला तो मणिकर्ण पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से क्षेत्र में खोज अभियान शुरू किया। पुलिस टीम ने आसपास के इलाकों, रास्तों और नालों में भी जांच अभियान चलाया।
नाले में मिला युवक का शव
गुरुवार को युवक का शव होटल से लगभग 15 मिनट की दूरी पर स्थित रिवर फ्रंट नाले में बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू भेज दिया है। प्रारंभिक जांच के दौरान युवक के चेहरे, बाजुओं और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस का मानना है कि युवक संभवतः खाई या नाले में गिरा हो सकता है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मृत्यु के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। पुलिस द्वारा युवक के साथियों और संबंधित लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
