Loading...

Crime / कुल्लू के सैंज में पर्यटकों पर मारपीट और सड़क दुर्घटना का मामला दर्ज, पुलिस जांच जारी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Crime : कुल्लू जिले के सैंज क्षेत्र में सड़क दुर्घटना और मारपीट का मामला सामने आया है, जिसमें पंजाब से आए कुछ पर्यटकों पर स्थानीय लोगों के साथ विवाद और मारपीट के आरोप लगे हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कुल्लू

सैंज क्षेत्र में सड़क दुर्घटना के बाद विवाद

जिला कुल्लू के सैंज क्षेत्र में 10 मई की शाम सड़क दुर्घटना के बाद विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस को दी शिकायत में शेर सिंह (58) निवासी गांव धरमेहड़ा, डाकघर रोपा, सैंज ने बताया कि वह शाम करीब साढ़े छह बजे अपनी दुकान से सब्जी लेकर रेस्ट हाउस रोपा की ओर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान रोपा चौक की ओर से आई पंजाब नंबर की एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क से नीचे गिर गए।

स्थानीय लोगों के पहुंचने पर बढ़ा विवाद

घटना के बाद स्थानीय निवासी यादव देव और मोती राम मौके पर पहुंचे और वाहन सवार लोगों से जानकारी लेने का प्रयास किया। शिकायत के अनुसार इसी दौरान वाहन में मौजूद मनदीप (27) निवासी खन्ना, जिला लुधियाना सहित अन्य व्यक्तियों के साथ विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान तेजधार हथियार से मारपीट की गई, जिसमें मोती राम और यादव देव को चोटें आईं। घायलों को उपचार के लिए स्थानीय स्तर पर चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध करवाई गई।

पुलिस थाना सैंज में दर्ज हुआ मामला

घटना के बाद स्थानीय लोग पुलिस थाना सैंज पहुंचे और मामले में निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल और संबंधित तथ्यों की जांच शुरू कर दी है। मामले से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर भी साझा किए गए हैं, जिनकी सत्यता की भी जांच की जा रही है।

पुलिस कर रही मामले की विस्तृत जांच

एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि शिकायत में लगाए गए आरोपों और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जाएगी। पुलिस दोनों पक्षों से जानकारी जुटाने के साथ-साथ घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों की भी पड़ताल कर रही है।

Related Topics: