Loading...

कुनिहार में अंडर-14 गर्ल्स खेलकूद प्रतियोगिता सम्पन्न, डिजिटल पुस्तकालय का लोकार्पण

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 4 Hours Ago • 1 Min Read

कुनिहार में तीन दिवसीय जिला स्तरीय अंडर-14 गर्ल्स खेलकूद प्रतियोगिता सम्पन्न हुई, जिसमें जिले के 76 स्कूलों की 800 छात्राओं ने भाग लिया। समापन समारोह में अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया और 13.75 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित सार्वजनिक डिजिटल पुस्तकालय का लोकार्पण किया।

सोलन/कुनिहार

अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। संजय अवस्थी अर्की विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सीबीएसई कुनिहार में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय अंडर-14 गर्ल्स खेलकूद प्रतियोगिता माइनर एवं मेजर के समापन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। प्रतियोगिता में कबड्डी, वालीबाल, खो-खो, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, हॉकी, हैंडबॉल, जूडो, कुश्ती और कुराश प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

संजय अवस्थी ने इससे पूर्व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार सीबीएसई में 13.75 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित सार्वजनिक डिजिटल पुस्तकालय का लोकार्पण भी किया। विधायक ने कहा कि खेल युवाओं में प्रतिस्पर्धात्मक एवं सकारात्मक सोच, अनुशासन, शारीरिक कौशल, आत्मविश्वास, टीमवर्क की भावना और नेतृत्व क्षमता जैसे गुण सृजित करने में सहायक होते हैं। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक खेलों में भाग लें, अपनी कमियों से सीखें और जीत की ओर बढ़ने के लिए प्रयास करते रहें।

संजय अवस्थी ने कहा कि नशा आज समाज के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। उन्होंने कहा कि नशे को समाज से जड़ से खत्म करने में खेल महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। खेल न केवल युवाओं को नशे से दूर ले जाने में सहायक सिद्ध हो रहे हैं, अपितु युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकने का अवसर भी प्रदान कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के कुशल नेतृत्व में प्रदेश में प्रत्येक छात्र को गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्रदान करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नवीनतम राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण एनएएस-2025 की राष्ट्रीय स्तर की समग्र रैंकिंग में हिमाचल प्रदेश ने पांचवां स्थान हासिल किया है। उन्होंने कहा कि यह परिणाम राज्य सरकार की सुसंगत और सुधार-संचालित नीतियों का प्रत्यक्ष परिणाम है।

उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्रों को अपनी ओर से 5100 रुपये और आयोजन समिति को 21 हजार रुपये देने की घोषणा की। विधायक ने खेलकूद प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया। संजय अवस्थी ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को इनके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सीबीएसई कुनिहार के प्रधानाचार्य प्रताप सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। नगर पंचायत अर्की की अध्यक्ष सीमा शर्मा, ग्राम पंचायत बायला के प्रधान कृष्ण कुमार, ग्राम पंचायत मान की प्रधान रीता, ग्राम पंचायत भूमती के उपप्रधान विनय शर्मा, युवा कांग्रेस अर्की के अध्यक्ष सतीश ठाकुर, बीडीसी सदस्य जगदीश चंद, जिला परिषद सदस्य सतीश कुमार और ग्राम पंचायत कुनिहार के पूर्व प्रधान राकेश ठाकुर इस अवसर पर उपस्थित थे।

वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता राजेन्द्र शर्मा, उपमण्डलाधिकारी अर्की निशांत तोमर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अर्की के प्रधानाचार्य हेम राज गौड़, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चण्डी के प्रधानाचार्य राकेश शर्मा, स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष सुनील कुमार और जिला क्रीड़ा संघ के प्रभारी महेंद्र सिंह ठाकुर भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक, विद्यार्थी, अभिभावक तथा गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

Related Topics: • •