खाड़ी में जंग तेज, तेल टैंकर पर हमला! दुबई के पास कुवैत के ‘Al-Salmi’ जहाज को बनाया निशाना
Kuwait Oil Tanker Attack: पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच खाड़ी क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। कुवैत के तेल से भरे क्रूड कैरियर “Al-Salmi” पर हमला किए जाने की खबर सामने आई है।
Kuwait Petroleum Corporation के अनुसार, यह हमला उस समय हुआ जब जहाज Dubai Port के एंकरेज एरिया में खड़ा था। घटना मंगलवार देर रात करीब 12:10 बजे की बताई जा रही है।
कंपनी के बयान के मुताबिक, हमले में जहाज के बाहरी हिस्से को गंभीर नुकसान पहुंचा और उस पर आग लग गई। इससे समुद्र में तेल फैलने का खतरा भी पैदा हो गया।
घटना के तुरंत बाद आपातकालीन और अग्निशमन टीमों को सक्रिय किया गया। संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश जारी है, ताकि आग पर काबू पाया जा सके और पर्यावरण को नुकसान से बचाया जा सके।
राहत की बात यह रही कि इस हमले में चालक दल के किसी सदस्य के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, जहाज को हुए नुकसान का विस्तृत तकनीकी आकलन अभी किया जा रहा है।
इससे पहले भी कुवैत को निशाना बनाया जा चुका है। सोमवार को एक पावर और वाटर डीसैलिनेशन प्लांट पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद क्षेत्र में हालात और संवेदनशील हो गए हैं।
Kuwait News Agency के मुताबिक, हमले में प्लांट की एक इमारत को नुकसान पहुंचा था। भारतीय दूतावास ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
इस बीच ईरान ने इन हमलों में अपनी भूमिका से इनकार किया है। ईरानी सेना के ऑपरेशनल कमांड Khatam al-Anbiya Central Headquarters ने दावा किया कि यह हमला “जायनिस्ट ताकतों” की साजिश हो सकता है, ताकि इसका आरोप ईरान पर लगाया जा सके।
गौरतलब है कि Iran, Israel और United States के बीच 28 फरवरी से शुरू हुए संघर्ष के बाद से क्षेत्र में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर इस तरह के हमले जारी रहते हैं, तो इसका असर वैश्विक तेल सप्लाई और शिपिंग रूट्स पर पड़ सकता है, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में और उछाल देखने को मिल सकता है।